महाकुंभ में सुर्खियों में रहे आईआईटी बाबा के नाम से मशहूर अभय सिंह अब शादीशुदा हो गए हैं. अभय सिंह और उनकी पत्नी प्रतीका की शादी की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. दोनों ने इस साल 15 फरवरी को, यानी महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध अघंजर महादेव मंदिर में सात फेरे लिए. मंदिर में शादी करने के बाद, कानूनी तौर पर भी उन्होंने 19 फरवरी को कोर्ट मैरिज कर ली.
कौन हैं प्रतीका और कैसे हुई मुलाकात?
अभय की पत्नी प्रतीका कर्नाटक की रहने वाली हैं और खुद भी इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से आती हैं. एक बातचीत के दौरान प्रतीका ने बताया कि उन दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी. प्रतीका के मुताबिक, उन्हें अभय का शांत और सरल स्वभाव काफी पसंद आया, जिसके बाद दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया.
प्रतीका ने कहा,
“इसमें छिपाने जैसी कोई बात नहीं थी, हम बस सादगी से रहना चाहते थे और अपनी शादीशुदा जिंदगी में बहुत खुश हैं.”
IIT बॉम्बे से ‘IIT बाबा’ बनने का सफर
हरियाणा के झज्जर के रहने वाले अभय सिंह की कहानी हमेशा से दिलचस्प रही है. 2008 में उन्होंने IIT-JEE में 731वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उन्होंने IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने कनाडा की एक नामी एयरक्राफ्ट कंपनी में शानदार पैकेज पर नौकरी भी की. लेकिन लॉकडाउन के दौरान जब वो भारत लौटे, तो उनका मन अध्यात्म की ओर झुक गया.
उन्होंने 35 लाख का सालाना पैकेज ठोकर मारकर जूना अखाड़े का रुख किया था. महाकुंभ के दौरान जब लोगों को पता चला कि भगवा चोला पहने ये शख्स एक एयरोस्पेस इंजीनियर है, तो उन्हें ‘IIT बाबा’ का नाम दे दिया गया.
हालांकि, विवादों ने भी उनका पीछा नहीं छोड़ा और बयानों के चलते उन्हें अखाड़े से बाहर का रास्ता भी देखना पड़ा था.
अब आगे क्या है प्लान?
शादी के बाद अब ये जोड़ा एक नई शुरुआत की तैयारी में है. अभय और प्रतीका का सपना है कि वे मिलकर एक सनातन यूनिवर्सिटी की स्थापना करें, जहां आधुनिक शिक्षा और भारतीय संस्कृति का मेल हो. हाल ही में माला बेचने वाली ‘मोनालिसा’ भी अपनी शादी को लेकर काफी विवादों में रही थीं. उन्होंने अपने मुस्लिम प्रेमी से शादी की थी, जिस पर काफी हंगामा हुआ था.
ये भी पढ़ें- इसबार ब्राह्मण विहीन होगी तमिलनाडु की विधानसभा, किसी बड़ी पार्टी ने नहीं दिया टिकट
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



