Weather Update: देश के कई हिस्सों में झुलसाने वाली गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है. अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक आंधी-बारिश का दौर शुरू होने वाला है. तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान को छोड़कर बाकी राज्यों में अगले 2-3 दिनों में तापमान 2 से 8 डिग्री तक गिर सकता है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी
केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
आज किन राज्यों में बरसेंगे बादल
आज असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश के आसार हैं. 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में 26 से 28 मई तक लू का असर रहेगा. आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. 28 मई को बादल छाने और दोपहर बाद 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी में 26 से 31 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट है. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, आगरा और मेरठ समेत कई जिलों में गर्मी का असर रहेगा. 27 मई को पूर्वी यूपी में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. 28 से 31 मई के बीच 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चल सकता है.
बिहार का मौसम
बिहार में 26 से 29 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 26 और 27 मई को बारिश की संभावना है.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में 30 मई तक लू का असर रहेगा. 28 मई तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा. हालांकि 29 मई से मौसम बदलने लगेगा और कुछ इलाकों में आंधी-बारिश की संभावना है.
झारखंड का मौसम
झारखंड में 26 से 31 मई तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और देवघर समेत कई जिलों में गर्मी से राहत मिलेगी.
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में 28 से 31 मई तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 29 मई को कुछ पहाड़ी जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.
ये भी पढ़ें-भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा मौका! CSBO के 190 पदों पर निकली भर्ती, 31 मई तक करें आवेदन
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को हल्की बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
