BJP vs Congress: दिल्ली/ प्रशांत त्यागी: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey) द्वारा 2006 मुंबई लोकल ट्रेन बम धमाकों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधे जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. दुबे ने आरोप लगाया कि वर्ष 2004 से 2014 के बीच मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के कारण देश की सुरक्षा कमजोर हुई. उनके इस बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (Imran Masood) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
12 वर्षों में सबसे कमजोर हुआ देश
भारत एक्सप्रेस से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि आज देश पहले से कहीं ज्यादा कमजोर स्थिति में है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में आम जनता कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है. मसूद के मुताबिक, देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति स्पष्ट नहीं है और महंगाई लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है.
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पेट्रोल और डीजल समेत तेल की कीमतें लगातार ऊंचाई पर बनी हुई हैं, जिससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ा है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगह स्कूल बंद हो रहे हैं और बड़ी संख्या में युवा बेहतर शिक्षा हासिल नहीं कर पा रहे हैं. उनका आरोप है कि रोजगार और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है.
आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू
इमरान मसूद ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश को मजबूत करने के बजाय कई मोर्चों पर हालात कमजोर हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्रों में सरकार की नीतियों का असर आम लोगों पर साफ दिखाई दे रहा है.
ये भी पढ़ें: बांकीपुर सियासी घमासान: BJP ने टिकट बदला, रेखा का खौफ या PK का डर? RJD ने उड़ा भयंकर मजाक
हालांकि इससे पहले बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 2006 मुंबई लोकल ट्रेन बम धमाकों का जिक्र करते हुए तत्कालीन यूपीए सरकार पर सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाए थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि वोट बैंक की राजनीति के चलते देश की सुरक्षा से समझौता किया गया. अब इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



