800 Crore Earnings: पिछले महीने केंद्र सरकार ने एक बड़े पैमाने पर चलाए गए स्वच्छता अभियान से जबरदस्त कमाई की है. इस अभियान में मंत्रालयों और दफ्तरों से कबाड़ हटाकर उसे बेचने से सरकार को करीब 800 करोड़ रुपये मिले. मज़ेदार बात यह है कि यह रकम भारत के चांद पर सफलतापूर्वक उतरे मिशन चंद्रयान-3 के बजट (615 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा है.
यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चला और इसमें अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना. करीब 232 लाख वर्ग फुट दफ्तर की जगह खाली हुई और 29 लाख फाइलें हटाई गईं. इतना ही नहीं, इस बार अभियान का दायरा भी सबसे बड़ा रहा, जिसमें 11.58 लाख दफ्तरों को शामिल किया गया.
मंत्रियों की निगरानी में सफल हुआ अभियान
इस पूरे काम की निगरानी तीन बड़े मंत्रियों मंसुख मांडविया, के राम मोहन नायडू और डॉ. जितेंद्र सिंह ने की. अभियान को सफल बनाने के लिए 84 मंत्रालयों और विभागों ने मिलकर काम किया, जिनमें विदेशों में मौजूद भारतीय मिशन भी शामिल थे.
मोदी सरकार का विशेष अभियान
दरअसल, मोदी सरकार ने 2021 से हर साल यह विशेष अभियान चलाना शुरू किया है. अब तक पांच बार यह अभियान हो चुका है और इसके नतीजे वाकई चौंकाने वाले हैं. इन पांच अभियानों में कुल 23.62 लाख दफ्तरों को कवर किया गया, 928.84 लाख वर्ग फुट जगह खाली हुई, 166.95 लाख फाइलें हटाई गईं और कबाड़ बेचकर सरकार ने कुल मिलाकर 4,097 करोड़ रुपये कमाए.
पीएम मोदी ने दिया प्रोत्साहन
इस बार मंत्रियों ने खुद दफ्तरों का दौरा किया, कर्मचारियों से बातचीत की और लंबित शिकायतों को कम करने पर जोर दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार मंत्रालयों को इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते रहे.
ये भी पढ़ें-असीम मुनीर को एक और बड़ी जिम्मेदारी, पाकिस्तान सरकार ने बनाई नई पोस्ट, मिलेंगी अनियंत्रित शक्तियां
सीधी भाषा में कहें तो, यह अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं रहा बल्कि सरकार के लिए बड़ी कमाई का जरिया भी बन गया. कबाड़ से कमाई और जगह खाली होने से दफ्तरों का कामकाज भी आसान हुआ है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
