Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

भारत-पोलैंड रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान, पीएम मोदी और डोनाल्ड टस्क की अहम मुलाकात; रक्षा-व्यापार पर नजर

पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की. बैठक से पहले दोनों ने एक दूसरे का गर्मजोशी से एक दूसरे का अभिवादन किया.

भारत और पोलैंड के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. बैठक से पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का स्वागत किया. इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा और तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होनी है.

भारत और पोलैंड के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देश आर्थिक सहयोग बढ़ाने और नए क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं तलाश रहे हैं. माना जा रहा है कि टस्क की इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा मिल सकती है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड टस्क की बैठक में भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया जाएगा.

इसके अलावा व्यापार और निवेश बढ़ाने, रक्षा क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने, नवीकरणीय ऊर्जा और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में मिलकर काम करने जैसे विषय भी बातचीत का हिस्सा होंगे.

दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे. भारत की ओर से इस बैठक को दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशने के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. मंत्रालय के अनुसार, इस मुलाकात का उद्देश्य भारत और पोलैंड के संबंधों को और मजबूत करना तथा भविष्य में सहयोग के नए रास्ते तलाशना है.

राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क ने दिल्ली के राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच भारत और पोलैंड के संबंधों को अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई.

विदेश मंत्री जयशंकर ने ‘एक्स’ पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए टस्क से मिलने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने को लेकर पोलैंड के प्रधानमंत्री के विचारों की वह सराहना करते हैं. जयशंकर ने यह भी कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टस्क की बैठक का इंतजार है.

तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं डोनाल्ड टस्क

डोनाल्ड टस्क बुधवार शाम को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे. हवाई अड्डे पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उनका स्वागत किया. विदेश मंत्रालय ने टस्क के भारत पहुंचने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने में मदद करेगी. साथ ही, दोनों देशों के पुराने संबंधों को और गहरा करने के अवसर भी मिलेंगे.

टस्क के साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की के अलावा एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है. इस प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी से दौरे के दौरान आर्थिक और कारोबारी सहयोग पर होने वाली बातचीत का महत्व बढ़ गया है.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री के रूप में डोनाल्ड टस्क की यह भारत की दूसरी यात्रा है. इससे पहले वह साल 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे.

दिल्ली के बाद बेंगलुरु जाएंगे पोलैंड के प्रधानमंत्री

नई दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद डोनाल्ड टस्क बेंगलुरु जाएंगे. वहां वह सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), अंतरिक्ष क्षेत्र और अन्य कारोबारी क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे. इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को विस्तार देने और निवेश की संभावनाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा.

इस दौरे के दौरान भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम का आयोजन भी किया जा रहा है. यह कार्यक्रम 22 अक्टूबर को नई दिल्ली और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में आयोजित होगा. इसमें दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को आपसी सहयोग और निवेश के नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा.

यह भी पढ़ें- UN में PAK की शर्मनाक हरकत! भारत ने प्रोपेगैंडा को किया ध्वस्त, बोले- ‘कश्मीर हमारा था, है और रहेगा’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital