India Richest Christian Family: आज 25 दिसंबर को पूरी दुनिया क्रिसमस मना रही है. भारत में भी करोड़ों लोग इस त्योहार को सेलिब्रेट करते हैं लेकिन आज बात त्योहार की नहीं, बल्कि भारत के सबसे अमीर क्रिश्चियन परिवार की होगी. यह परिवार न सिर्फ दौलत में सबसे आगे है बल्कि जिस कारोबार से जुड़ा है, उसमें उसकी एक तरह से मोनोपॉली है.
कौन है यह परिवार?
फोर्ब्स की लिस्ट के अनुसार भारत का सबसे अमीर क्रिश्चियन परिवार मुथूट फैमली है. नाम से ही कारोबार का अंदाजा लगाया जा सकता है. मुथूट फाइनेंस पूरे देश में गोल्ड लोन के कारोबार से जुड़ा हुआ है और इस सेक्टर में इसकी पकड़ बेहद मजबूत है. यही वजह है कि यह परिवार भारत के टॉप 25 सबसे अमीर लोगों में शामिल है.
कितनी है दौलत?
फोर्ब्स रिपोर्ट के मुताबिक मुथूट परिवार की कुल दौलत 10.4 अरब डॉलर है. भारत में यह 23वां सबसे अमीर परिवार है. खास बात यह है कि पिछले कुछ सालों में इनकी संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है. साल 2022 में इनकी नेटवर्थ 4.1 अरब डॉलर थी जो अब बढ़कर 10.4 अरब डॉलर हो गई है. यानी तीन साल में 6 अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी. अगर पीछे देखें तो साल 2012 में इनकी दौलत सिर्फ 1.1 अरब डॉलर थी.
मुथूट परिवार की खास बातें
- मुथूट परिवार भारत के सबसे बड़े गोल्ड लोन लेंडर मुथूट फाइनेंस को कंट्रोल करता है.
- मुथूट ग्रुप की शुरुआत 1887 में लकड़ी और अनाज के व्यापार से हुई थी. उस समय यह कंपनी ब्रिटिश बागानों को राशन सप्लाई करती थी.
- आज कंपनी के पास पूरे भारत में 7,300 से ज्यादा ब्रांच हैं और यह रोजाना करीब 2 लाख ग्राहकों को सेवा देती है.
- एम.जी. जॉर्ज मुथूट, जो कंपनी के अध्यक्ष थे, का 2021 में निधन हो गया. अब उनके भाई जॉर्ज जैकब मुथूट कंपनी के चेयरमैन हैं.
जॉर्ज जैकब मुथूट की दौलत
मुथूट ग्रुप के चेयरमैन जॉर्ज जैकब मुथूट की व्यक्तिगत नेटवर्थ 3.2 अरब डॉलर है. वे अपने भाइयों के साथ मिलकर कंपनी का संचालन करते हैं. मुथूट फाइनेंस न सिर्फ गोल्ड लोन देती है बल्कि फंड ट्रांसफर, कॉरपोरेट और पर्सनल लोन जैसी सेवाएं भी प्रदान करती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

