Bharat Express DD Free Dish

UN में पाकिस्तान को भारत ने फिर लताड़ा, जम्मू-कश्मीर और सिंधु जल समझौते पर दिया जवाब

India Pakistan UN: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर मुद्दा उठाने पर भारत ने कड़ा जवाब दिया. भारतीय राजदूत हरीश पर्वथानेनी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते की भावना को युद्ध और आतंकी हमलों से तोड़ा है.

India Pakistan UN: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया. इस पर भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वथानेनी ने सोमवार को पाकिस्तान के ‘बांटने वाले एजेंडे’ और ‘टेररिज्म’ नीति को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बार-बार भारत के मामलों में दखल देता है जबकि खुद अपने देश में लोकतंत्र और कानून का सम्मान नहीं करता.

पाकिस्तान की राजनीति पर तंज

हरीश पर्वथानेनी ने पाकिस्तान की राजनीति पर तंज कसते हुए कहा,

“वहां पीएम को जेल में डाल दिया जाता है, मुख्य राजनीतिक पार्टी पर बैन लगाया जाता है और सेना को संविधान बदलने की इजाजत दी जाती है. उन्होंने पूर्व पीएम इमरान खान का जिक्र किया, जो अगस्त 2023 से ही भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं और लंबे समय तक अकेले सेल में रखे गए.”

जम्मू-कश्मीर पर भारत का रुख

पाकिस्तान के राजदूत ने UN में कहा कि जम्मू-कश्मीर का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र चार्टर और कश्मीरी लोगों की इच्छा के मुताबिक सुलझाया जाना चाहिए. इस पर भारतीय प्रतिनिधि ने तीखा जवाब देते हुए कहा,

“पाकिस्तान अपने ही लोगों की इच्छा का सम्मान करने का ‘अनोखा तरीका’ अपनाता है. उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग हैं और हमेशा रहेंगे.”

https://twitter.com/PTI_News/status/2000746545638195443

सिंधु जल समझौते पर भी लताड़

‘लीडरशिप फॉर पीस’ पर खुली बहस के दौरान पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते का हवाला दिया. इस पर भारत ने कहा,

“65 साल पहले अच्छे इरादे से यह समझौता किया गया था लेकिन पाकिस्तान ने तीन युद्ध और हजारों आतंकी हमले करके इसकी भावना का उल्लंघन किया है.”

भारतीय राजदूत ने पिछले चार दशकों में हुए आतंकी हमलों का जिक्र किया, जिनमें अप्रैल 2025 में पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या भी शामिल है.

ये भी पढ़ें-मनरेगा की जगह नया ‘विकसित भारत- G RAM G’ बिल, विपक्ष-सरकार आमने-सामने

भारत की कड़ी प्रतिक्रिया

हरीश पर्वथानेनी ने कहा कि पाकिस्तान का हर मंच पर जम्मू-कश्मीर का अनावश्यक जिक्र उसकी जिम्मेदारियों पर सवाल खड़ा करता है. भारत ने साफ किया कि पाकिस्तान का एजेंडा केवल भारत और उसके लोगों को नुकसान पहुंचाने का है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest