Donald Trump Tariff Effect: जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदता है, अक्सर खुद भी उसमें गिर जाता है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों में जिस तरह ‘टैरिफ वॉर’ छेड़ी है, उसे लेकर भारत सरकार ने ‘जैसे को तैसा’ वाला रुख अपनाया है. अमेरिका ने 800 डॉलर तक के सामान पर मिलने वाली ड्यूटी-फ्री छूट को वापस ले लिया, तो भारत भी हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठा. इस आदेश के जवाब में, भारत ने अमेरिका के लिए अपनी अधिकांश डाक सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. यह कदम न सिर्फ एक रणनीतिक पलटवार है, बल्कि यह भी दिखाता है कि भारत अब किसी के दबाव में नहीं झुकेगा और अपने हितों की रक्षा के लिए मुंहतोड़ जवाब देगा.
भारत सरकार ने अमेरिका के लिए अधिकांश डाक सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है. यह फैसला 25 अगस्त से प्रभावी होगा. सरकार का कदम अमेरिकी सीमा शुल्क प्रशासन (यूएस कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन) के एक नए आदेश के कारण उठाया गया है. इस संबंध में सरकार की ओर से विज्ञप्ति और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी गई है.
अमेरिका ने कौन सा कदम उठाया था?
30 जुलाई 2025 को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने एक फैसला लिया था. इसके तहत 800 अमेरिकी डॉलर तक के आयातित सामानों पर टैरिफ छूट को वापस ले लिया गया था. यह नियम 29 अगस्त से अमेरिका में प्रवेश करने वाले सभी सामान इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमी पॉवर एक्ट (IEEPA) के तहत लाया गया है. हालांकि, इस नियम के बाद भी 100 अमेरिकी डॉलर तक की वस्तुएं टैरिफ छूट में रहेंगी.
अब भारत सरकार ने उठाया कदम
भारत सरकार ने अमेरिकी कस्टम रूल्स में बदलाव के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है. भारत ने 25 अगस्त से अमेरिका के लिए ज्यादातर डाक सर्विस को बंद करने का फैसला किया है. भारतीय डाक विभाग ने कहा है कि वह अमेरिका के लिए पूर्ण सेवाएं कब तक बंद रहेंगी. इस बारे में फिलहाव कुछ नहीं कहा जा सकता है.
क्यों उठाया गया ये कदम?
भारत से अमेरिका जाने वाली एयरलाइंस ने ट्रंप सरकार के फैसले के बाद परिचालन और तकनीकी समस्या के कारण 25 अगस्त से डाक खेप लेने से मना कर दिया है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने अमेरिका जाने वाले डाक पर रोक लगा दी है. हालांकि, यह रोक अस्थाई है. इस रोक के बाद भी 100 अमेरिकी डॉलर तक के पार्सल भेजे जा सकेंगे. डाक विभाग ने कहा है कि हम जल्द सेवा बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल जिन्होंने बुकिंग कर ली है अपनी फीस वापसी के लिए क्लेम कर सकते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
