Bharat Express DD Free Dish

भारत-वियतनाम समझौता: 2030 तक 25 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य, डिजिटल भुगतान और ऊर्जा सहयोग पर जोर

India Vietnam trade: भारत और वियतनाम ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 25 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है. दोनों देशों ने कृषि, डिजिटल भुगतान, ऊर्जा, तकनीक और रेयर अर्थ खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है.

भारत और वियतनाम ने आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने का फैसला किया है. दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 25 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है. यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की मुलाकात के बाद जारी संयुक्त बयान में की गई.

सरकार और उद्योग का सहयोग

संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों देशों ने तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सरकार और उद्योग स्तर पर सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई है. इसका मकसद व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा देना है.

कृषि उत्पादों की आसान पहुंच

भारत और वियतनाम ने बाजार तक पहुंच आसान बनाने पर भी सहमति जताई. इसमें भारत के अंगूर और अनार तथा वियतनाम के ड्यूरियन और पोमेलो जैसे कृषि उत्पाद शामिल हैं. वियतनाम ने भारत से आयात बढ़ाने का वादा किया है ताकि घरेलू उत्पादन और निर्यात जरूरतों को पूरा किया जा सके.

निवेश और नियमों में सुधार

दोनों देशों ने कंपनियों के लिए कारोबार आसान बनाने के लिए अनुकूल नियम-कानून तैयार करने और मानकों के अनुपालन को सरल बनाने पर चर्चा की. साथ ही आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते की समीक्षा जल्द पूरी करने पर जोर दिया गया.

नए क्षेत्रों में सहयोग

भारत और वियतनाम ने उच्च तकनीक, परिवहन, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट कृषि, इलेक्ट्रिक वाहन, आईटी, स्वास्थ्य, पर्यटन और आतिथ्य जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर सहमति जताई. दोनों देशों ने स्टार्टअप इकोसिस्टम और इनोवेशन केंद्रों के बीच सहयोग को भी प्राथमिकता दी.

तेल, गैस और डिजिटल भुगतान

तेल और गैस खोज में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है. वहीं डिजिटल अर्थव्यवस्था को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक और स्टेट बैंक ऑफ वियतनाम के बीच डिजिटल भुगतान समझौते का स्वागत किया गया. दोनों देशों ने क्यूआर कोड आधारित भुगतान प्लेटफॉर्म को जोड़ने पर भी सहमति जताई.

तकनीक और ऊर्जा पर जोर

दोनों पक्षों ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, 6जी, एआई, अंतरिक्ष, परमाणु तकनीक, समुद्री विज्ञान, बायोटेक्नोलॉजी और फार्मा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. साथ ही जलवायु परिवर्तन और सतत विकास लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ ऊर्जा और आपदा-प्रतिरोधी तकनीकों पर काम करने का वादा किया.

ये भी पढ़ें-ईरान-अमेरिका के बीच समझौता लगभग तय, पाकिस्तान छोड़ अब यहां होगी बैठक

रेयर अर्थ और परमाणु सहयोग

दोनों देशों ने रेयर अर्थ खनिजों के क्षेत्र में आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड और वियतनाम के वीआईएनएटीओएम के बीच हुए समझौते का स्वागत किया. इसके अलावा परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग में जारी सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति जताई.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read