Weather update: उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल लू और भीषण गर्मी का असर साफ दिख रहा है. दिल्ली समेत पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तापमान लगातार बढ़ रहा है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी लू चलने की संभावना जताई गई है.
15 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 12 घंटों में कई राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है. महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 26 मई के आसपास केरल में दस्तक देने की उम्मीद है.
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में 19 और 20 मई को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 21 और 22 मई को हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में तेज हवाएं चलेंगी.
उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश
यूपी के मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, कानपुर, बांदा, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज और मऊ में हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी.
राजस्थान में येलो अलर्ट
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है. 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर समेत उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में तापमान में 1–2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है.
मध्य प्रदेश में लू की चेतावनी
एमपी के 31 जिलों में लू चलने की चेतावनी है. विदिशा, रायसेन, खंडवा, रतलाम, गुना, ग्वालियर, दतिया, रीवा, उज्जैन, जबलपुर और सागर में तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
बिहार में भारी बारिश
गया, चंपारण, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. पटना में तापमान 37 डिग्री तक रहेगा.
उत्तराखंड में तापमान बढ़ा
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है. देहरादून और नैनीताल में 35–40 डिग्री, जबकि टिहरी और अल्मोड़ा में 30–35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
जम्मू-कश्मीर में बारिश और लू
19 और 20 मई को हल्की बारिश और तेज हवाएं होंगी. 21 से 25 मई तक लू चलेगी, लेकिन दोपहर बाद हल्की बारिश भी होगी.
महाराष्ट्र-गुजरात में गिरावट
19 से 24 मई तक महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान में धीरे-धीरे 2–3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
हिमाचल प्रदेश में बारिश
21 मई को शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, ऊना और कांगड़ा में बारिश और आंधी की संभावना है. मनाली में तापमान 14 डिग्री तक रहेगा.
छत्तीसगढ़ में पारा चढ़ा
21 मई तक तापमान में 3–4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. लोगों को धूप से बचने और पानी पीते रहने की सलाह दी गई है.
झारखंड में आंधी-बारिश
रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हवाएं 50–60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.
ओडिशा में लू का असर
ओडिशा के 16 शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है. झारसुगुडा सबसे गर्म जगह दर्ज की गई है जहां पारा 43.4 डिग्री तक पहुंच गया है.
पंजाब में गर्मी और राहत
19 मई को पंजाब के कई जिलों में भीषण गर्मी रहेगी. हालांकि 22 मई से हल्की बारिश के साथ राहत मिलने की उम्मीद है.
तमिलनाडु में भारी बारिश
डिंडीगुल, शिवागंगा, कोयंबटूर और मदुरै जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. चेन्नई में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें-सलमान खान के घर सांप निकलने से हड़कंप, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला
केरल में मॉनसून की दस्तक
19 से 24 मई तक केरल और माहे में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

