Weather Update: देशभर में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग ने 20 से 25 मई तक दिल्ली में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा. इन राज्यों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मॉनसून की दस्तक की तैयारी
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. केरल में मॉनसून के 26 मई के आसपास पहुंचने की संभावना है, हालांकि इसमें चार दिन आगे-पीछे का अंतर हो सकता है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
असम और मेघालय में 21 से 25 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 22 से 25 मई के बीच तेज बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 23 और 24 मई को तथा असम और मेघालय में 23 से 25 मई तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.
दक्षिण भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश
केरल और लक्षद्वीप में 20 से 25 मई तक भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आंध्र प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा.
बिहार, झारखंड और बंगाल को राहत
पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा.
ओडिशा में पारा चढ़ा
ओडिशा में मंगलवार को 21 जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. झारसुगुड़ा सबसे गर्म रहा जहां पारा 44.8 डिग्री तक पहुंच गया. हीराकुड में 44 डिग्री, अंगुल और संबलपुर में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
राजस्थान में लू का असर
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.3 डिग्री दर्ज किया गया. श्रीगंगानगर, अलवर, पिलानी और जयपुर समेत कई शहर भीषण गर्मी की चपेट में रहे. मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक लू चलने का अनुमान जताया है.
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड गर्मी
महाराष्ट्र के अमरावती में तापमान 46.8 डिग्री और वर्धा में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
ये भी पढ़ें-बंगाल में ओबीसी आरक्षण में बड़ा बदलाव, मुस्लिम समुदायों को मिलने वाला लाभ समाप्त
उत्तराखंड में प्रशासन अलर्ट
उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की आशंका है. सरकार ने सभी जिलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं. देहरादून मौसम केंद्र के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

