Bharat Express DD Free Dish

देशभर में मौसम ने बदली करवट, कैसा है आपके शहर का हाल?

Weather update: फरवरी खत्म होने से पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी है. दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में तापमान बढ़ रहा है, वहीं तमिलनाडु में बारिश और सिक्किम में बर्फबारी से हालात बदले हैं.

Weather update: फरवरी का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है. राजस्थान के कुछ इलाकों में तो पारा 36 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया है.

दिल्ली-एनसीआर में तापमान का रुख

दिल्ली-एनसीआर में मौसम अब बदलने लगा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी होगी. 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं 27 फरवरी को यह बढ़कर 32 और 15 डिग्री तक जा सकता है. दिन में तेज हवाएं चलेंगी और हल्की धुंध भी रहेगी.

यूपी में गर्मी का असर

उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. लेकिन कई जिलों में तापमान बढ़ने वाला है. लखनऊ, कानपुर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, मथुरा और अन्य जिलों में गर्मी का असर दिखेगा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने का अनुमान है.

बिहार में साफ आसमान

बिहार में आज मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. यहां भी गर्मी का असर दिखने लगा है. भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, दरभंगा और पटना जैसे जिलों में तापमान बढ़ेगा. पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री रहने का अनुमान है.

राजस्थान में पारा चढ़ा

राजस्थान में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान तेजी से बढ़ रहा है. बाड़मेर में पारा 36 डिग्री से ऊपर चला गया है. जयपुर, अजमेर, अलवर, जोधपुर और बीकानेर जैसे शहरों में भी दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.

आपके शहर का तापमान

तमिलनाडु में बारिश और कोहरा

चेन्नई और आसपास के जिलों में सुबह हल्का कोहरा रहेगा. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का असर अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन समुद्र से आ रही नमी के कारण मौसम अस्थिर है. दक्षिणी और उत्तरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश का अनुमान है. 28 फरवरी तक यहां तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा रह सकता है.

ये भी पढ़ें-इजरायली संसद में भारत के पीएम का जबरदस्त स्वागत, ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा नेसेट

सिक्किम में बर्फबारी और बचाव अभियान

पूर्वी सिक्किम में त्सोमगो झील के पास भारी बर्फबारी के कारण 2,700 से ज्यादा पर्यटक फंस गए थे. प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. बर्फबारी से सड़कें बंद हो गई थीं और करीब 541 वाहन फंस गए थे. अधिकारियों ने पर्यटकों को सलाह दी है कि वे मौसम चेतावनियों का पालन करें और यात्रा के दौरान स्नो चेन जैसे जरूरी इंतजाम रखें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read