Bharat Express DD Free Dish

भारत ने पिछले कुछ घंटों में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, बड़े स्तर पर नुकसान की खबर

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने रफ़ीकी, मुरीद, चकलाला समेत कई पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं, जिनका उद्देश्य पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई क्षमता को कमजोर करना है.

India Pakistan War

भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच भारतीय सेना ने बीते कुछ घंटों में एक बड़ा और सटीक सैन्य अभियान चलाया है. इस कार्रवाई में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई प्रमुख मिलिट्री बेस और एयर डिफेंस ठिकानों को निशाना बनाया. रक्षा सूत्रों के अनुसार, यह हमला केवल सर्जिकल स्ट्राइक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे कहीं अधिक प्रभावशाली और रणनीतिक स्तर पर अंजाम दिया गया.

जिन पाकिस्तानी ठिकानों पर भारत ने हमले किए, उनमें रफ़ीकी, मुरीद और चकलाला जैसे अहम एयरबेस शामिल हैं. चकलाला बेस इस्लामाबाद के नज़दीक स्थित है और इसके साथ नूर खान बेस भी वहीं मौजूद है. इसके अलावा, रहिम यार खान का मिलिट्री स्टेशन, सुक्कुर एयरबेस, चुनियां का सैन्य अड्डा, पासरूर का रडार स्टेशन और सियालकोट का एविएशन बेस भी भारत के निशाने पर रहे.

खुफिया रिपोर्टों से मिली थी ठोस जानकारी

इन हमलों का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान की निगरानी प्रणाली और जवाबी हमले की क्षमता को कमजोर करना था. खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इन सैन्य ठिकानों पर पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन, मिसाइल सिस्टम और भारी सैन्य उपकरण तैनात कर रखे थे, जिन्हें बड़ी रणनीति के तहत नष्ट किया गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन ठिकानों पर भारी नुकसान हुआ है, हालांकि पाकिस्तान की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

यह सैन्य कार्रवाई भारत की सीमाओं पर पाकिस्तान द्वारा हाल ही में किए गए ड्रोन और तोपखाने के हमलों की प्रतिकिया के तौर पर की गई है. भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपनी सीमाओं की अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है और इस तरह के दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देगा.

ये भी पढ़ें: बलूचिस्तान में हिंसा की आग: BLA ने 39 स्थानों पर किए हमले, पुलिस थानों पर कब्जा और एयरपोर्ट्स पर धमाके

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read