Indian Coast Guard Captured Pakistan Boat: भारतीय तटरक्षक बल ने अरब सागर में मुस्तैदी दिखाते हुए पाकिस्तान की एक बड़ी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है. 14 जनवरी 2026 की रात जब पूरा देश मकर संक्रांति के जश्न में डूबा था, तब समुद्र के बीच जवानों ने एक पाकिस्तानी नाव को भारतीय जल क्षेत्र में घुसपैठ करते हुए पकड़ा. पकड़ी गई नाव का नाम ‘अल-मदीना’ बताया जा रहा है, जिस पर 9 पाकिस्तानी क्रू मेंबर्स सवार थे. इन सभी को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ के लिए गुजरात के पोरबंदर लाया जा रहा है.
बीच समंदर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा
कोस्ट गार्ड के अधिकारियों के अनुसार, 14 जनवरी को गश्त के दौरान ICG के जहाज ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास भारतीय सीमा के भीतर एक संदिग्ध नाव देखी. रडार और निगरानी उपकरणों से पुष्टि होते ही भारतीय जहाज ने नाव की ओर बढ़ना शुरू किया. कोस्ट गार्ड को अपनी ओर आता देख पाकिस्तानी नाव के चालकों ने उसे वापस पाकिस्तान की तरफ भगाने की कोशिश की.
हालांकि, भारतीय तटरक्षक बल के जहाज ने तुरंत एक्शन लेते हुए ‘अल-मदीना’ को घेर लिया और उसे भारतीय जल क्षेत्र के अंदर ही रोक लिया. जवानों ने तुरंत नाव को अपने कब्जे में ले लिया और उस पर सवार सभी 9 लोगों को हिरासत में ले लिया.
ICG समेत एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ
प्राथमिक जांच के बाद, नाव और चालक दल को पोरबंदर तट पर लाया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि यह केवल मछली पकड़ने का मामला नहीं हो सकता, क्योंकि नाव भारतीय सीमा में काफी अंदर तक आ गई थी. पोरबंदर पहुंचने पर खुफिया ब्यूरो (IB), रॉ (RAW), स्थानीय पुलिस और कोस्ट गार्ड के अधिकारी इन संदिग्धों से संयुक्त पूछताछ करेंगे. नाव की भी गहन तलाशी ली जाएगी ताकि यह पता चल सके कि उसमें कोई हथियार, नशीले पदार्थ या प्रतिबंधित सामान तो नहीं है.
ये भी पढ़ें: वेनेजुएला की विपक्षी नेता मचाडो ने की ट्रंप से मुलाकात, सौंप दिया अपना नोबेल पुरस्कार
यह कार्रवाई भारतीय तटरक्षक बल की “जीरो टॉलरेंस” नीति और समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है. 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के नजदीक होने के कारण इस घुसपैठ को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


