Indigo Flight News: दिल्ली से पटना जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E2482 के साथ ऐसी घटना घटी, जिससे यात्रियों की सांस फूल गई थी. दरअसल, विमान पटना में रनवे को टच करके दोबारा उड़ा, उसने 4 चक्कर लगाए, तब सेफ लैंडिंग कराई गई. उस वक्त उसमें 173 यात्री सवार थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E2482 मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद दोबारा उड़ गई थी. फिर, तीन-चार चक्कर लगाने के बाद फ्लाइट ने फिर से लैंडिंग की. ऐसा क्यों हुआ, इस पर चर्चा हो रही है.
एक व्यक्ति ने बताया कि रनवे पर टचिंग पॉइंट को ओवरशूट करने के कारण पायलट ने विमान को दोबारा उड़ा लिया. इस दौरान विमान ने चार-पांच चक्कर लगाए और करीब पांच मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग की.
विमान के दोबारा उड़ान भरने से घबरा गए थे यात्री
विमान के दोबारा उड़ान भरने से यात्री घबरा गए. कुछ को लगा कि रनवे पर कोई विमान या इमरजेंसी स्थिति है. क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि तकनीकी कारणों से दोबारा टेकऑफ किया गया है और जल्द लैंडिंग होगी. यात्रियों से धैर्य रखने को कहा गया. पायलट ने स्थिति को नियंत्रित कर विमान को सुरक्षित उतारा.
एक्सपर्ट बोले- पटना रनवे की लंबाई अपर्याप्त
बताया जाता है कि पटना एयरपोर्ट का रनवे 2,072.64 मीटर लंबा है, जो बड़े विमानों के लिए कम लंबा है. विशेषज्ञों के अनुसार, सुरक्षित लैंडिंग के लिए कम से कम 2,438 मीटर का रनवे जरूरी है. छोटे रनवे के कारण विमान 3 डिग्री के कोण पर उतरते हैं, जबकि 2.5 डिग्री आदर्श है. बड़े विमानों के लिए 3-5 किलोमीटर का रनवे चाहिए, जो पटना में उपलब्ध नहीं है.
पटना रनवे को 3,657.6 मीटर तक बढ़ाने की योजना
केंद्र सरकार के अहमदाबाद हादसे के बाद जारी सर्कुलर के तहत पटना रनवे को 3,657.6 मीटर तक बढ़ाने की योजना है. इसके लिए पटना जू से 15 एकड़ और फुलवारी शरीफ गुमटी से 14 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की जाएगी. पटना कमिश्नर की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने जमीन मापी और स्थल निरीक्षण पूरा कर लिया है. रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद विस्तार कार्य शुरू होगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



