Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

महानवमी पर शर्मनाक कांड: जिन्हें मां का रूप मानकर पूजा, उन्हीं मासूमों पर इंदौर में चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर पीटा

Indore News: इंदौर में महानवमी पर शर्मनाक वाकया; 500 रुपये के लिफाफे की चोरी के शक में रिटायर्ड शिक्षिका ने कन्या भोज के लिए आई 7 मासूमों को पीटा, केस दर्ज.

Indore news

Indore News:जय व्यास/इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से आस्था और मासूमियत को तार-तार कर देने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. महानवमी के पावन पर्व पर जहां एक तरफ कन्या पूजन कर बेटियों को मां दुर्गा का रूप मानकर पूजा जाता है, वहीं दूसरी ओर इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड शिक्षिका ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं. कन्या भोज के लिए अपने घर बुलाई गई सात मासूम बच्चियों पर महज 500 रुपये का लिफाफा गायब होने के शक में शिक्षिका ने न केवल उनके साथ जमकर मारपीट की, बल्कि उन्हें कई घंटों तक एक कमरे में बंद कर ताला लगा दिया. इस घटना के बाद परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित शहनाई रेसीडेंसी में महानवमी पर एक रिटायर्ड शिक्षिका ने सात बच्चियों को कन्या भोज के लिए अपने घर बुलाया था. पूजा के दौरान 500 रुपये का लिफाफा गुम होने पर शिक्षिका ने बच्चियों पर चोरी की शंका जताई और उनके साथ बुरी तरह मारपीट कर उन्हें घंटों कमरे में बंद रखा. परिजनों की शिकायत पर एमआईजी पुलिस ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मारपीट और बंधक बनाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

कन्या भोज के दौरान 500 रुपये का लिफाफा हुआ गुम

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना एमआईजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बीआरटीएस MR-9 चौराहे के पास स्थित शहनाई रेसीडेंसी की है. नवमी के पावन अवसर पर रेसीडेंसी के एक फ्लैट में रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका ने आसपास की सात मासूम बच्चियों को अपने घर कन्या भोज और पूजा-अर्चना के लिए सादर आमंत्रित किया था. पूजा की तैयारियों और अनुष्ठान के दौरान वहां रखा 500 रुपये का एक लिफाफा अचानक गुम हो गया, जिसके बाद माहौल पूरी तरह बदल गया.

रिटायर्ड शिक्षिका का गुस्सा भड़का, बच्चियों को पीटा और कमरे में किया कैद

लिफाफा न मिलने पर रिटायर्ड शिक्षिका का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने बिना किसी सोच-विचार के कन्या भोज के लिए आई सातों मासूम बच्चियों पर चोरी का आरोप लगा दिया. आरोप लगाने के साथ ही शिक्षिका ने बच्चियों के साथ जमकर मारपीट की और अपनी भड़ास निकाली. इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो उसने सातों बच्चियों को एक कमरे में धकेलकर बाहर से ताला लगा दिया और उन्हें घंटों तक बंधक बनाए रखा.

परिजनों का हंगामा, एमआईजी थाने में मामला दर्ज

जब बच्चियां काफी देर तक अपने-अपने घर नहीं पहुंचीं, तो परिजन उनकी तलाश करते हुए शिक्षिका के फ्लैट पर पहुंचे. वहां का दृश्य और बच्चियों की रोने की आवाजें सुनकर परिजनों के होश उड़ गए. परिजनों ने तुरंत बच्चियों को वहां से छुड़ाया और सीधे एमआईजी पुलिस थाने पहुंचकर शिक्षिका की इस दरिंदगी की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एमआईजी थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर आरोपी रिटायर्ड शिक्षिका के खिलाफ मारपीट करने, गाली-गलौज करने और गैर-कानूनी तरीके से बंधक बनाकर कमरे में बंद करने की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें-एक साथ 3 लाख सरकारी कर्मचारी छुट्टी पर! पंजाब में आज क्यों मचा है हड़कंप?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital