Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Indore: घर में मृत मिले पति-पत्नी, मौत के बाद बदबू उड़ने पर 15 दिन बाद चला पता, पुलिस को दरवाजा तोड़कर अंदर घुसना पड़ा

इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में एक बंद मकान से पति-पत्नी के 15 दिन पुराने शव मिलने से सनसनी फैल गई. लकवाग्रस्त पति और मानसिक रूप से बीमार पत्नी घर में अकेले रहते थे.

रिपोर्ट: जय व्यास, इंदौर


इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में आज (गुरुवार) एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. सैटेलाइट जंक्शन स्थित एक बंद मकान से आती तेज दुर्गंध ने आसपास के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था. जब पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो किसी को अंदाजा नहीं था कि घर के अंदर का नजारा इतना खौफनाक होगा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब मकान नंबर 244 का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर पति-पत्नी के शव बेहद खराब हालत में मिले.

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि ये शव करीब 10 से 15 दिन पुराने हैं. मृतकों की पहचान कन्हैयालाल परनवाल और उनकी पत्नी स्मृति परनवाल के रूप में हुई है. कन्हैयालाल का शव पहली मंजिल के एक कमरे में बेड पर पड़ा था, जबकि उनकी पत्नी स्मृति की लाश बाथरूम में मिली. शवों से इतनी तेज बदबू आ रही थी कि पुलिस कर्मियों के लिए भी अंदर रुकना मुश्किल हो रहा था.

पड़ोसियों को थी बीमारी की खबर

बताया जा रहा है कि कन्हैयालाल काफी समय से बीमार थे और उन्हें लकवा (पैरालिसिस) मार गया था. वहीं उनकी पत्नी स्मृति की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी. घर में इन दोनों के अलावा कोई तीसरा सदस्य नहीं रहता था. पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से घर में कोई हलचल नहीं देखी गई थी, लेकिन उन्होंने सोचा कि शायद तबीयत खराब होने के कारण वे बाहर नहीं निकल रहे होंगे.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

सूचना मिलने के बाद लसूड़िया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया. सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र जायसवाल ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अब उनके रिश्तेदारों और अन्य करीबियों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार उनसे बात कब हुई थी.

क्या थी मौत की वजह?

फिलहाल पुलिस इसे एक स्वाभाविक मौत मानकर चल रही है क्योंकि घर में किसी भी तरह के संघर्ष या जबरन घुसने के निशान नहीं मिले हैं. अंदेशा लगाया जा रहा है कि लकवाग्रस्त पति की मौत के बाद मानसिक रूप से कमजोर पत्नी खुद को संभाल नहीं पाई होगी या किसी अन्य कारण से दोनों ने दम तोड़ दिया. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.

ये भी पढें: Good News: रेलवे ने उत्सवों के लिए बढ़ाई ट्रेनों की क्षमता, देखें आपके शहर के लिए कितनी स्पेशल ट्रेनें

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital