Inflation Attack: पिछले रविवार को पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी. इसके बाद सरकार ने अचानक सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी. नतीजा यह हुआ कि घरेलू बाजार से लेकर MCX तक सोने और चांदी के भाव आसमान छूने लगे. सोना करीब 11 हजार रुपये और चांदी 22 हजार रुपये तक महंगी हो गई.
दूध की कीमतों में इजाफा
सोना-चांदी के बाद महंगाई का दूसरा वार दूध पर हुआ. अमूल और मदर डेयरी दोनों ने अपने पैकेज्ड दूध की कीमतें बढ़ा दीं. अमूल ने 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया और तुरंत बाद मदर डेयरी ने भी यही कदम उठाया. नई दरें 14 मई से लागू हो गईं और आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा.
पेट्रोल-डीजल पर तीसरा अटैक
दूध महंगा होने के बाद तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दीं. 15 मई से पेट्रोल-डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगे हो गए. दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि कोलकाता में 108.74 रुपये, मुंबई में 106.68 रुपये और चेन्नई में 103.67 रुपये तक पहुंच गया है. डीजल की नई दरें भी दिल्ली में 90.67 रुपये, कोलकाता में 95.13 रुपये, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं.
सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी
महंगाई का चौथा झटका सीएनजी पर पड़ा. मुंबई के बाद अब दिल्ली में भी सीएनजी महंगी हो गई है. 15 मई से दिल्ली में सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो बढ़कर 79.09 रुपये हो गई. मुंबई में भी एक दिन पहले सीएनजी 82 रुपये से बढ़कर 84 रुपये प्रति किलो कर दी गई थी.
ये भी पढ़ें-दिल्ली से मुंबई तक बढ़े तेल के दाम, पेट्रोल-डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा, देखिए आपके शहर का नया रेट
बीते 48 घंटे में लगातार चार बड़े फैसलों ने आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है. सोना-चांदी, दूध, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतें बढ़ने से महंगाई का दबाव हर तरफ महसूस किया जा रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



