Urdu Conclave 2026

जयपुर में फिर लौटा कच्छा-बनियान गैंग! CCTV में कैद हुई चोरी की कोशिश

Jaipur Kachcha Baniyan Gang: जयपुर के टोंक रोड स्थित सूर्य नगर में देर रात कच्छा-बनियान गिरोह ने एक घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन लोगों की सतर्कता से वारदात नाकाम रही. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गिरोह की तलाश में जुटी है.

Jaipur Kachcha Baniyan Gang

Jaipur Kachcha Baniyan Gang

Jaipur Kachcha Baniyan Gang: राजधानी जयपुर में एक बार फिर कच्छा-बनियान गिरोह की गतिविधियां सामने आई हैं. टोंक रोड स्थित सूर्य नगर इलाके में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाने की कोशिश की. हालांकि, घर के लोगों की सतर्कता के चलते गिरोह अपने इरादों में सफल नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया. पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

पहले की रेकी, फिर दीवार फांदकर घुसने का प्रयास

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि सबसे पहले एक संदिग्ध युवक कॉलोनी में घूमकर मकानों की रेकी करता है. आसपास कोई हलचल नहीं मिलने पर वह अपने साथियों को इशारा करता है. इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य दीवार फांदकर घर के अंदर घुसने की कोशिश करते हैं. इसी दौरान घर के लोगों को आहट सुनाई देती है, जिससे बदमाश घबरा जाते हैं और बिना वारदात को अंजाम दिए मौके से भाग निकलते हैं.

पहले भी हो चुकी है चोरी की कोशिश

स्थानीय लोगों का कहना है कि सूर्य नगर इलाके में यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी इसी क्षेत्र में चोरी का प्रयास हो चुका है. लगातार दूसरी बार गिरोह की मौजूदगी सामने आने से कॉलोनीवासियों में डर का माहौल है. लोगों का आरोप है कि पिछले करीब दो महीनों से पुलिस गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं.

यह भी पढ़ें: किसी बिचौलिये नहीं सीधे सीएम से होगी बात..! JPSC धांधली पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की सरकार को दो टूक

पुलिस ने शुरू की जांच, बढ़ सकती है रात की गश्त

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है. फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है.

इलाके में दहशत, लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद सूर्य नगर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच चिंता का माहौल है. कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और कच्छा-बनियान गिरोह के सदस्यों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि स्थानीय लोग रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं ताकि किसी भी संभावित वारदात को रोका जा सके.

भारत  एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read