Bharat Express DD Free Dish

मोदी कैबिनेट की ‘पिंक सिटी’ को बड़ी सौगात! ₹13,000 करोड़ के मेट्रो फेज-2 प्रोजेक्ट से बदल जाएगी शहर की तस्वीर

Jaipur Metro Phase 2: पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने जयपुर मेट्रो फेज-2 को मंजूरी दी है, जिसकी लागत ₹13,037 करोड़ है. इस परियोजना के तहत 41 किमी लंबा कॉरिडोर और 36 स्टेशन बनाए जाएंगे.

Jaipur Metro Phase 2

बुधवार (8 अप्रैल) को पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण (फेज-2) (Jaipur Metro Phase 2) को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना की कुल लागत 13,037.66 करोड़ रुपए तय की गई है. यह फैसला जयपुर शहर के सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

41 किमी लंबा कॉरिडोर, 36 स्टेशन

जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक फैलेगा. इस रूट पर कुल 36 स्टेशन होंगे. खास बात यह है कि हवाई अड्डे के पास कुछ स्टेशन अंडरग्राउंड बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी.

यह मेट्रो लाइन सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, स्टेडियम, अंबाबारी और विद्याधर नगर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ेगी. इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच सफर आसान और तेज हो जाएगा.

फेज-1 से होगा बेहतर कनेक्शन

जयपुर मेट्रो का पहला चरण पहले से ही चालू है, जो मानसरोवर से बड़ी चौपर तक 11.64 किमी के रूट पर चलता है. फेज-2 को इस मौजूदा लाइन से जोड़ा जाएगा, जिससे पूरा मेट्रो नेटवर्क एकीकृत हो जाएगा और यात्रियों को बिना रुकावट सफर करने की सुविधा मिलेगी.


ये भी पढ़ें: मोदी सरकार का मास्टरस्ट्रोक! ₹40,000 करोड़ का मेगा बूस्ट, अरुणाचल बनेगा देश का नया पावर हाउस


यात्रियों की संख्या में होगा बड़ा इजाफा

अभी फेज-1 में रोज करीब 60,000 लोग सफर करते हैं. फेज-2 शुरू होने के बाद यह संख्या कई गुना बढ़ने की उम्मीद है. इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही इस परियोजना से जयपुर में ट्रैफिक जाम कम होगा और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी. यह योजना राज्य की TOD नीति-2025 और सतत शहरी परिवहन लक्ष्यों के अनुरूप है.

2031 तक पूरा करने का लक्ष्य

जयपुर मेट्रो फेज-2 को सितंबर 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से जयपुर एक आधुनिक और बेहतर कनेक्टिविटी वाला शहर बन जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read