जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे. वह NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद थे. इसी दौरान भीड़ में से एक युवक ने उन पर हमला कर दिया और कई बार थप्पड़ जड़ दिए.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सामने आया है जिसमें अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के कंधे पर बैठकर मंच की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं. तभी भीड़ में से तीन लोग आगे आते हैं और उनमें से एक युवक अचानक दीपके को ताबड़तोड़ थप्पड़ मार देता है.
मोबाइल चोरी की घटनाएं
हमले के बीच प्रदर्शन में कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की खबर भी सामने आई. मंच से लगातार घोषणा की जाती रही कि लोग अपने मोबाइल सुरक्षित रखें. इस वजह से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
समर्थकों ने क्या कहा?
जैसे ही दीपके को थप्पड़ मारे गए, उनके साथ मौजूद समर्थकों ने हमलावरों को पकड़ लिया और उन्हें पीट दिया. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और करीब छह लोगों को हिरासत में ले लिया. सभी से पूछताछ की जा रही है और उनकी पहचान की जा रही है.
हमलावर का क्या कहना है?
पकड़े गए एक युवक ने कहा कि वह राष्ट्रवादी है और आरोप लगाया कि यह लोग जिहादी मानसिकता रखते हैं. उसके अनुसार पेपर लीक का मुद्दा केवल बहाना है.
प्रदर्शन की अनुमति
कॉकरोच जनता पार्टी ने पहले से जयपुर में प्रदर्शन की योजना बनाई थी. दिल्ली में हुए विरोध के बाद पार्टी ने देशभर में आंदोलन करने का ऐलान किया था. रविवार को पुलिस से अनुमति को लेकर विवाद हुआ, लेकिन बाद में सशर्त मंजूरी दी गई.
प्रशासन की शर्तें
पुलिस ने साफ किया था कि कार्यक्रम में 800 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे. साथ ही कानून-व्यवस्था और यातायात को प्रभावित न करने की शर्त रखी गई थी. पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लोगों से बड़ी संख्या में आने की अपील की थी और कहा था कि यह आंदोलन छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने की लड़ाई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



