Bharat Express DD Free Dish

जयपुर में डबल एक्शन; ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के साथ ‘मिशन जागृति’ से अपराध और नशे पर करारा प्रहार

जयपुर दक्षिण पुलिस ने अप्रैल 2026 के पहले पखवाड़े में ‘ऑपरेशन शिकंजा’ और ‘मिशन जागृति’ के तहत अपराध और नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है.

जयपुर दक्षिण पुलिस ने अप्रैल के पहले पखवाड़े में दो बड़े अभियानों ‘ऑपरेशन शिकंजा’ और ‘मिशन जागृति’ के जरिए अपराध और नशे के नेटवर्क पर एक साथ बड़ा वार किया है. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजीव राज के नेतृत्व में चलाए गए इन अभियानों ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है.

16 दिन में 250+ अपराधी गिरफ्तार

1 से 16 अप्रैल 2026 तक चले ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत पुलिस ने 254 स्थायी वारंटी और 27 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया. इन अपराधियों पर करीब 1.60 लाख रुपये का इनाम घोषित था. हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में फरार बदमाशों को दबोचा गया. ICJS, RAJ-COP और MHA पोर्टल के जरिए डेटा विश्लेषण कर सटीक लोकेशन ट्रैकिंग की गई.

‘मिशन जागृति’ में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान

वहीं ‘मिशन जागृति’ के तहत मानसरोवर, सांगानेर, सोडाला और अशोक नगर सर्किल में विशेष कार्रवाई करते हुए 47 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. NDPS एक्ट के 13 मामले दर्ज, आबकारी एक्ट में 14 गिरफ्तारी, आर्म्स एक्ट में 6 और अन्य मामलों में 8 आरोपी पकड़े गए.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 490.69 ग्राम स्मैक, 456 ग्राम गांजा, 14 अवैध हथियार, करीब ₹2.09 लाख नकद, एक कार और 6 पावर बाइक भी बरामद कीं.

कच्ची बस्तियों में सर्जिकल सर्च ऑपरेशन

गठित टीमों ने कच्ची बस्तियों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर संदिग्धों की पहचान की, मोबाइल चेकिंग और डोजियर तैयार कर इंटेलिजेंस जुटाई. ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद से इलाके खंगाले गए.

‘मिशन जागृति’ सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नशा मुक्त समाज के लिए जागरूकता पर भी जोर दिया गया. स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, पीजी और बाजारों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई. नशा मुक्ति के लिए रैली, नुक्कड़ नाटक, सेमिनार और काउंसलिंग कार्यक्रम चलाए गए.

इस अभियान में सामाजिक न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और औषधि नियंत्रण विभाग समेत कई एजेंसियों ने मिलकर काम किया. नशे की सप्लाई या सेवन की सूचना देने के लिए पुलिस ने 9530424984 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जहां सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

दोनों अभियानों की संयुक्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जयपुर दक्षिण पुलिस अब अपराधियों और नशे के कारोबारियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है.

यह भी पढ़े: जयपुर में ‘ओरण बचाओ पदयात्रा’ पर रोक, पुलिस से झड़प; रविंद्र सिंह भाटी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read