Bharat Express DD Free Dish

सत्ता के नशे में सरेआम गुंडागर्दी? जालौन के अस्पताल में BJP नेता के गुर्गों ने मचाया तांडव, VIDEO वायरल

उत्तर प्रदेश के जालौन जिला अस्पताल में बीजेपी नेता और उनके समर्थकों पर डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ से अभद्रता और सरकारी रजिस्टर फाड़ने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Jalaun Hospital Viral Video: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से सत्ता के नशे में चूर नेताओं की दबंगई का एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. दरअसल उरई कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल में कथित तौर पर बीजेपी नेता शक्ति गहोई और उनके नशे में धुत सहयोगियों ने जमकर तांडव मचाया.

बता दें पुलिस और कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखते हुए इन दबंगों ने पहले उरई कोतवाली परिसर में हंगामा काटा और उसके बाद सीधे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में घुसकर जमकर गदर मचाया. ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से लेकर मेडिकल स्टाफ के साथ न सिर्फ बदसलूकी की गई, बल्कि सरकारी मेडिकल रजिस्टर तक फाड़ डाला गया.

जानिए क्या है पूरा माजरा?(Jalaun Hospital Viral Video)

मिली जानकारी के मुताबिक, सड़क पर पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में कुछ लोग घायल हो गए थे. इन्हीं घायलों का मनमाफिक मेडिकल बनवाने और बाहर रेफर लिखवाने की सिफारिश लेकर बीजेपी नेता शक्ति अपने शराब के नशे में धुत गुर्गों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे थे.

जब इमरजेंसी वॉर्ड में तैनात डॉक्टर और कर्मचारियों ने नियम-कायदों का हवाला दिया, तो सत्ता के नशे में चूर नेता और उनके साथी आपा खो बैठे. उन्होंने वॉर्ड के भीतर ही डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथपाई की कोशिश की और टेबल पर रखा सरकारी मेडिकल रजिस्टर फाड़ दिया.

ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की एक कॉल के बाद देवेंद्र महतो ने तोड़ा अनशन, जानिए फोन पर क्या हुई बात

अस्पताल कर्मचारियों ने वीडियो वायरल कर खोली पोल

हद तो तब हो गई जब अस्पताल परिसर में खुलेआम हो रही इस गुंडागर्दी और हंगामे को देखकर पुलिस के जवान सत्ताधारी दल के डर से मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे. खाकी के इस लचर रवैये के बाद इमरजेंसी वॉर्ड में तैनात बहादुर कर्मचारियों ने अपने मोबाइल से दबंगों की पूरी करतूत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

वहीं, वीडियो सामने आने और चौतरफा फजीहत होने के बाद ड्यूटी डॉक्टर की सूचना पर पुलिस हरकत में आई है और अब आरोपियों की तलाश में जुटने का दावा कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read