Jamnagar Crime: गुजरात के जामनगर से अपराध की एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों पर से भरोसा उठा दिया है. एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न सिर्फ अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी, बल्कि इस खौफनाक वारदात को छुपाने के लिए दो साल तक ऐसा जाल बुना कि हर कोई धोखा खा गया.
जामनगर में पृथ्वी नामक महिला ने अपने प्रेमी नीलेश और उसके साथी के साथ मिलकर पति जिग्नेश को शराब में साइनाइड देकर मार डाला. शव को फैक्ट्री के बेसमेंट में 12 फीट गड्ढे में दफनाकर ऊपर से कंक्रीट का फर्श बनवा दिया. पत्नी ने घरवालों को 2 साल तक गुमराह किया कि पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है और वहां फोन बैन है. रिश्तेदार के ऑस्ट्रेलिया जाने पर जब पता मांगा गया तो पोल खुल गई और पुलिस ने खुदाई कर अवशेष बरामद किए.
मास्टरप्लान और साइनाइड का खौफनाक जाल (Wife Killed Husband)
यह कहानी है जामनगर के जिग्नेश मावडिया की, जो मई 2024 में अचानक लापता हो गए थे. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि उनके ही घर में उनके खिलाफ साजिश रची जा चुकी थी. जिग्नेश की पत्नी पृथ्वी का अफेयर नीलेश कचटिया नाम के शख्स के साथ चल रहा था. दोनों ने मिलकर जिग्नेश को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. 31 मई 2024 की रात, नीलेश और उसके साथी बलवीर वर्मा ने जिग्नेश को एक फैक्ट्री में पार्टी के बहाने बुलाया. वहां शराब में साइनाइड (जहर) मिलाकर उन्हें पिलाया गया और दम घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई.
12 फीट गहरा राज और पक्का फर्श (Jamnagar Factory Basement Body)
हत्या के बाद आरोपी शव को एक फैक्ट्री के बेसमेंट में ले गए. वहां 12 फीट गहरा गड्ढा खोदकर जिग्नेश के शव को दफना दिया गया. वारदात का सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने गड्ढे को भरकर ऊपर से पक्का फर्श (कंक्रीट) बनवा दिया, ताकि किसी को जरा भी शक न हो.
‘पति ऑस्ट्रेलिया में है’: 2 साल तक चलता रहा झूठ (Husband Australia Lie Murder)
पति के अचानक गायब होने पर पत्नी पृथ्वी ने परिवार और रिश्तेदारों को एक कहानी सुनाई. उसने कहा कि जिग्नेश का अर्जेंट ऑस्ट्रेलिया का वीजा लग गया है और वहां एक बड़ी कंपनी में उनकी नौकरी लग गई है. जब घरवालों ने फोन पर बात कराने की जिद की, तो पृथ्वी ने कहा कि उस कंपनी में मोबाइल फोन रखने पर सख्त मनाही है. पृथ्वी इतनी शातिर थी कि दो साल तक सामान्य जिंदगी जीती रही और बेझिझक ससुराल वालों से भी मिलती रही.
झूठ का यह महल तब ढहा जब परिवार का एक अन्य लड़का सचमुच ऑस्ट्रेलिया जाने लगा. घरवालों ने पृथ्वी से जिग्नेश का ऑस्ट्रेलिया वाला सटीक पता मांगा ताकि दोनों वहां मिल सकें. पृथ्वी लगातार बहाने बनाने लगी, जिससे परिजनों का शक यकीन में बदलने लगा. आखिरकार थक-हारकर परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी और शक की शिकायत दर्ज कराई.
गुजरात के जामनगर में प्रथ्वी नाम की महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को शराब में साइनाइड मिलाकर मार डाला और बॉडी को फैक्ट्री के बेसमेंट में 12 फीट गड्डे में दफना दिया।
दो साल पहले जिग्नेश मावडिया लापता हो गया था। पत्नी पृथ्वी ने सबको यही कहा कि पति नौकरी के लिए ऑस्ट्रेलिया चला… pic.twitter.com/RX2FuZ5y7l
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) July 30, 2026
खुदाई में मिले इंसानी अवशेष (Jamnagar Police Case)
पुलिस जैसे ही पूछताछ के लिए पृथ्वी के पास पहुंची, वह घबरा गई और ज्यादा देर तक दबाव नहीं झेल सकी. उसने कड़ाई से हुई पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस टीम तुरंत उस फैक्ट्री में पहुंची जहां शव गाड़ा गया था. फर्श तोड़कर जब 12 फीट गहरी खुदाई की गई, तो वहां से जिग्नेश के कंकाल और शरीर के अवशेष बरामद हुए. पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

