Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

जम्मू-कश्मीर: चुनौतियां और संघ’ का भव्य विमोचन: डॉ. नसीब अली बोले-“संघ को समझना आसान नहीं, उसके काम को समझने की ज़रूरत”

कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह द्वारा आयोजित समारोह में वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता की पुस्तक का विमोचन; राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित। जेएनयू के सहायक प्रोफेसर डॉ. नसीब अली ने कहा—यह पुस्तक जम्मू-कश्मीर के संघर्ष, प्रजा परिषद आंदोलन और धारा 370 हटने के बाद के बदलावों का प्रामाणिक दस्तावेज है; गुज्जर समाज से आने वाले डॉ. अली ने इसे अपने लिए विकास और शिक्षा के नए अवसरों का प्रतीक बताया।

नई दिल्ली। चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह द्वारा आयोजित ‘भारत गौरव उत्सव 2026’ के अवसर पर गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया, नई दिल्ली के स्पीकर हॉल में वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता द्वारा लिखित एवं धीरेंद्र मिश्रा द्वारा संपादित पुस्तक ‘जम्मू-कश्मीर: चुनौतियां और संघ’ का भव्य विमोचन संपन्न हुआ। संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला के अंतर्गत प्रकाशित इस पुस्तक के विमोचन समारोह में राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने की, तथा मंच पर कुलपति महोदय डॉ. नरेंद्र ठाकुर, चाणक्य वार्ता के संपादक डॉ. अमित जैन और श्री कैलाश जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सत्य और संघर्ष का दस्तावेज़ है पुस्तक: डॉ. नसीब अली

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में सहायक प्रोफ़ेसर डॉ. नसीब अली चौधरी ने अपने संबोधन में पुस्तक की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पुस्तक जम्मू-कश्मीर के नागरिक होने के नाते उनके लिए एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ है, जो उस सच्चाई को सामने रखती है जिसे अब तक प्रायः अनदेखा किया गया। उन्होंने कहा, “मेरा ताल्लुक़ जम्मू से है और मेरा संपर्क संगठन से एक परिषद के कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ था। इस पुस्तक में चौदह अध्यायों के माध्यम से उस संघर्ष की कहानी है, जिसे एक सामाजिक संगठन और आम लोगों ने जम्मू-कश्मीर के लिए लड़ा।” उन्होंने कहा कि शेख़ मोहम्मद अब्दुल्लाह की आत्मकथा जैसी पुस्तकों में जहां मनगढ़ंत बातें रखी गईं, वहीं यह पुस्तक तथ्यों और ज़मीनी सच्चाईयों पर आधारित है।

1930 से 370 हटने तक का सफ़र

डॉ. नसीब अली ने कहा कि पुस्तक की कहानी 1930 से आरंभ होती है, जब एक छोटा-सा संगठन धीरे-धीरे सामाजिक कार्यों के माध्यम से पूरे समाज को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने विभाजन के समय की उस निर्णायक भूमिका का उल्लेख किया, जब गुरु जी (श्री गुरुजी) ने 17 अक्टूबर 1947 को डोगरा शासक से बातचीत की और जम्मू-कश्मीर को भारत के साथ जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा, “आज वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से कश्मीर तक जुड़ चुकी है, जिसकी कल्पना गुरु जी ने की थी।” उन्होंने प्रजा परिषद के आंदोलन, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान और अनुच्छेद 370 के ऐतिहासिक अंत का भी ज़िक्र किया। गुज्जर समाज से आने वाले डॉ. नसीब अली ने कहा कि धारा 370 हटने के बाद ही उनके जैसे वंचित वर्ग को शिक्षा और विकास के समान अवसर मिले हैं।

‘संघ को समझना आसान नहीं’

डॉ. नसीब अली ने कहा कि संघ को समझना आसान नहीं है, लेकिन इसके काम को समझने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि ज़ुबैर खटाना और शेख़ अब्दुल रहमान साहब जैसे लोग प्रजा परिषद के आंदोलन से जुड़े, जिससे यह सिद्ध होता है कि संगठन ने पूरे समाज के लिए काम किया है। अपने संबोधन का समापन करते हुए उन्होंने कश्मीर की सुंदरता का वर्णन करते हुए फ़ारसी शायर का प्रसिद्ध शेर पढ़ा— “अगर फ़िरदौस बर रू-ए-ज़मीन अस्त, हमीं अस्त ओ हमीं अस्त ओ हमीं अस्त।” कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और जन गण मन से हुआ तथा डॉ. अमित जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए चाणक्य वार्ता के दस वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला।
— भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read

UP Tourism