Bharat Express DD Free Dish

जूना अखाड़ा के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन भारती को जान से मारने की धमकी, देश भर के संतों ने जताई चिंता

श्रीमहंत मोहन भारती को साउथ कोरिया नंबर से जान से मारने की धमकी मिली.

देश का सबसे बड़े श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन भारती को साउथ कोरिया के मोबाइल नंबर के व्हाट्सअप के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है . महंत मोहन भारती ने बताया कि उनके नंबर के व्हाट्सअप पर फोन नंबर 82 10 98192383 से शाम 5 बजकर 28 मिनट पर एक संदेश आया है जिसमें लिखा है कि ” तुम और तुम्हारे संत यति नरसिंहा मुस्लिम समाज के लिए बहुत बोल रहे हो और रामपुर में तुम्हारा मंदिर जंगल में है जिसके कारण हमारे समाज के लोगों ने मजारों पर जाना छोड़ दिया है .अब तू ज्यादा दिन का मेहमान नहीं है , अब अपने जनाजे की तैयारी कर “यह मोबाइल नंबर साउथ कोरिया का होना बताया जा रहा है जो उनके नंबर पर लिख कर भी आया है .

जूना अखाड़े के संतों ने चिंता व्यक्त की

जूना अखाड़े में 10 लाख से भी ज्यादा नागा साधु संत है जिनका नेतृत्व श्री मोहन भारती करते हैं , अखाड़े के संत पूरे देश और दुनिया में हैं . जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि जी है जो अपनी वाणी और भाषा के लिए विश्व प्रसिद्ध हैं , उन्होंने और जूना अखाड़े के अन्तर्राष्ट्रीय संरक्षक एवं अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्री महंत हरिगिरि जी ने अध्यक्ष मोहन भारती को दी गई धमकी पर चिंता व्यक्त की है , महंत हरिगिरि ने कहा है कि धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए , इस पूरे मामले को लेकर वह जल्दी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे . अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के प्रमुख महंत रवींद्र पुरी ने भी इस घटना पर अपना आक्रोश व्यक्त किया है और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि ऐसे अपराधियों को जल्दी सलाखों के पीछे भेजा जाए .

रामपुर के मिलिक थाने में दी तहरीर

जूना अखाड़े के अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत मोहन भारती उज्जैन से 30 km दूर तराना में स्थित रानी अहिल्याबाई होलकर द्वारा बनवाए प्राचीन शिव मंदिर के महंत भी हैं और अभी हाल में ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जूना अखाड़े के कार्यक्रम में तराना आए थे साथ ही रामपुर के स्वार तहसील के थाना मिलक खानम में महंत मोहन भारती का देवी मां का एक प्राचीन मंदिर पीपली धाम में माता बाल सुंदरी भी है जहां वह इस समय मौजूद हैं , और थाना मिलक में महंत मोहन भारती ने इस पूरी घटना की लिखित तहरीर दी है जिसमें उन्होंने पूरी घटना का जिक्र करते हुए सुरक्षा की मांग की है . मोहन भारती ने रामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों और प्रदेश के मुखिया पुलिस महानिदेशक से मिलकर पूरी घटना की जानकारी देने की बात कही है .दिल्ली संत मंडल के अध्यक्ष महंत नारायण गिरी ने भी इस पूरी घटना पर अपनी चिंता व्यक्त की है और इस पूरे मामले में पुलिस से जांच पड़ताल कर कड़ी कार्यवाही की मांग की है.

महंत मोहन भारती सुरक्षा को लेकर चिंतित

देश के 13 अखाड़ों में से सबसे बड़े अखाड़े श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अध्यक्ष को पूरे देश में अखाड़े के विभिन्न कार्यों , मंदिर , मठों व धार्मिक कार्यों में भ्रमण करना पड़ता है , ऐसे में इस धमकी मिलने के बाद महंत मोहन भारती अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं .

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read