Bharat Express DD Free Dish

‘मैं हिंदू हूं लेकिन…’ बीजेपी छोड़ते ही बदले अन्नामलाई के सुर, क्या सीएम विजय के साथ मिलाएंगे हाथ?

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने ‘We The Leaders’ सम्मेलन में नई राजनीतिक पार्टी बनाने का संकेत दिया. उन्होंने धर्म, जाति और युवाओं की राजनीति पर बड़ा बयान देते हुए 2031 में बड़े राजनीतिक बदलाव का दावा किया.

K Annamalai New Statement: तमिलनाडु की राजनीति में उस वक्त एक बहुत बड़ा भूचाल आ गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष और आक्रामक नेता के. अन्नामलाई ने अपनी नई सियासी पारी का खुलेआम शंखनाद कर दिया. भाजपा छोड़ने के बाद पोल्लाची में अपने फाउंडेशन ‘वी द लीडर्स’ के पहले महा-सम्मेलन को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने साफ कर दिया कि उनका यह आंदोलन अंततः एक नए और कड़क राजनीतिक दल का रूप लेगा. ‘

अपनी बेबाक शैली के लिए जाने जाने वाले अन्नामलाई ने इस दौरान धर्मनिरपेक्ष राजनीति अपनाने के पर्याप्त संकेत देते हुए एक बेहद सनसनीखेज बयान दिया. उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि वह एक सच्चे हिंदू हैं, लेकिन जब वह अपने घर से बाहर निकलते हैं, तो अपनी जाति और धर्म को घर के अंदर ही बंद करके निकलते हैं; हर बार धर्म का दिखावा या प्रदर्शन करने की कोई जरूरत नहीं है.

‘वी द लीडर्स’ की पहली रैली में हुंकार(K Annamalai New Statement)

पोल्लाची के इस महा-सम्मेलन में अन्नामलाई के नेतृत्व वाले ‘वी द लीडर्स’ फाउंडेशन ने युवाओं को आकर्षित करने के लिए ‘नशे के खिलाफ अभियान’ को अपना मुख्य विषय चुना था. मंच से गरजते हुए अन्नामलाई ने कहा कि उन्हें एक राष्ट्रवादी और गौरवान्वित भारतीय होने पर गर्व है. उन्होंने सूबे की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि क्या कोई सच्चा तमिल व्यक्ति भारत के विचार के खिलाफ हो सकता है और क्या किसी सच्चे भारतीय को तमिल पहचान के विरुद्ध खड़ा किया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि राज्य को अब ऐसी नफरत वाली राजनीति की कोई जरूरत नहीं है. अपने हिंदू दर्शन को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि एक सच्चा हिंदू वही है जो समाज में सभी को समान मानता है, किसी को श्रेष्ठ या कमतर नहीं आंकता और सबको एक सीधी पंक्ति में साथ लेकर चलता है.

विजय की पार्टी ‘टीवीके’ के प्रति बदला रुख

इस रैली का सबसे बड़ा और कड़क राजनीतिक एंगल तब सामने आया जब कभी भाजपा में रहते हुए धुर विरोधी रही सत्ताधारी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कषगम’ (TVK) के प्रति अन्नामलाई के सुर पूरी तरह बदले हुए नजर आए. हाल ही में संपन्न हुए 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 39 साल से कम उम्र के युवाओं ने इस बार राज्य में बहुत बड़ा सत्ता परिवर्तन किया है, जिसके चलते मशहूर अभिनेता सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर सत्ता में आई है. अन्नामलाई ने न केवल सीएम विजय की तारीफ की बल्कि कूटनीतिक रूप से संकेत दिया कि यदि टीवीके कमजोर पड़ती है, तो उनकी नई पार्टी उसकी तरफ मदद का हाथ बढ़ाने और मिलकर चलने की वकालत करेगी.

ये भी पढ़ें: ‘कपड़े अभिषेक भैया ने दिए…’, विंबलडन में वैभव सूर्यवंशी का ‘किलर लुक’, युवराज सिंह के साथ लूटी महफिल

2031 में बड़ी उलटफेर का किया दावा

अपनी राजनीतिक शैली को आक्रामकता( K Annamalai New Statement) से बदलकर अब सामाजिक सरोकार की तरफ ले जा रहे अन्नामलाई ने दावा किया कि साल 2031 में जब अगला विधानसभा चुनाव होगा, तब युवा पीढ़ी राज्य में इससे भी बड़ा ऐतिहासिक उलटफेर करेगी. इस नशा-विरोधी सम्मेलन में कुल छह महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जो मुख्य रूप से मादक पदार्थों और शराब के दुरुपयोग के खिलाफ थे.

आयोजकों ने ऐलान किया कि अब से हर साल जुलाई महीने को ‘व्हाइट बैंड’ (White Band) माह के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया जाएगा. भाजपा से अलग होने के बाद अन्नामलाई के इस पहले बड़े सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में तमिलनाडु की सियासत में एक नया और कड़क त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलने वाला है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read