K Annamalai quits BJP: दक्षिण भारत की राजनीति में एक ऐसा भूचाल आ गया है, जिसने दिल्ली तक खलबली मचा दी है. तमिलनाडु बीजेपी के ‘पोस्टर बॉय’ और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है. लेकिन पिक्चर अभी बाकी है. इस्तीफा देने के तुरंत बाद अन्नामलाई ने ऐलान किया है कि वे तमिलनाडु में ‘कल्ट पॉलिटिक्स’ (व्यक्तिगत पूजा वाली राजनीति) को खत्म करने के लिए अपनी खुद की नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे और अगले चुनाव में अकेले दम पर मैदान में उतरेंगे.
‘मैं और बोझ नहीं डालना चाहता…’ (K Annamalai new party)
अन्नामलाई के इस्तीफे की मुख्य वजह राज्य की राजनीतिक दिशा को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके गंभीर मतभेद रहे हैं. 2 जून को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लिखे अपने पत्र में उन्होंने साफ-साफ लिखा कि मैं तमिलनाडु में विकास-उन्मुख राजनीति को लेकर अपने विचारों से शीर्ष नेतृत्व पर और बोझ नहीं डालना चाहता. अन्नामलाई ने खुलासा किया कि वे पिछले 18 महीनों से हाईकमान के साथ इन मतभेदों को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे. हैरानी की बात यह है कि उन्होंने दिसंबर 2025 में ही इस्तीफा दे दिया था, लेकिन पार्टी ने उन्हें चुनाव तक रुकने के लिए कहा था.
ठुकरा दिया सुपरस्टार रजनीकांत का ऑफर (K Annamalai In Tamil Nadu politics)
बीजेपी छोड़ने के बाद सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि अन्नामलाई को खुद सुपरस्टार रजनीकांत ने अपने साथ हाथ मिलाने का न्योता दिया था. लेकिन राजनीति में ‘आम आदमी’ (Common-man politics) की पैरोकारी करने वाले अन्नामलाई ने इस ऑफर को भी विनम्रता से ठुकरा दिया. उन्होंने कहा कि वो किसी ‘चेहरे’ के पीछे नहीं चलना चाहते, बल्कि तमिलनाडु में एक नया स्वतंत्र राजनीतिक मार्ग प्रशस्त करना चाहते हैं.
BL संतोष पर खोला राज (BL Santhosh and K Annamalai)
इस मौके पर अन्नामलाई ने यह भी बताया कि वे सिर्फ वरिष्ठ नेता बी.एल. संतोष द्वारा दिए गए एक ‘आश्वासन और प्रतिबद्धता’ के आधार पर ही बीजेपी में शामिल हुए थे. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी से अलग होने के बावजूद उनके मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आज भी सर्वोच्च सम्मान है.
ये भी पढ़ें: RBI का झटका: EMI से राहत नहीं, बढ़ गया महंगाई का अनुमान, GDP ग्रोथ भी घटी; जानिए अपनी जेब पर असर?
क्या BJP को होगा नुकसान? (BJP After K Annamalai In Tamil Nadu)
जहां एक तरफ अन्नामलाई के समर्थक इस नई राजनीतिक शुरुआत से जोश में हैं, वहीं तमिलनाडु बीजेपी इस पूरे घटनाक्रम को ‘हल्के’ में लेने की कोशिश कर रही है. तमिलनाडु बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अन्नामलाई के इस्तीफे को खारिज करते हुए कहा, “उनका जाना पार्टी के लिए कोई नुकसान नहीं है.” नागेंद्रन ने दावा किया कि बीजेपी तमिलनाडु में अपनी ताकत बढ़ाती रहेगी. लेकिन सच तो यह है कि ‘सिंघम’ अन्नामलाई के इस ‘एकला चलो’ के दांव ने आगामी चुनावों के लिए एक बेहद खूंखार और दिलचस्प पिच तैयार कर दी है!
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

