कश्मीर घाटी की ताज़ा चेरी अब मात्र 30 घंटे में मुंबई पहुंचेगी. आने वाले समय में इसी तरह से कश्मीर का सब अखरोट और बाकी फल देश के अलग-अलग शहरों में पहुंचेंगे इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन में एक विशेष पार्सल कोच जोड़ा गया है, जिसमें 24 टन चेरी लादकर भेजी गई. यह व्यवस्था बागवानी विभाग और रेलवे के संयुक्त प्रयासों से शुरू की गई है.
बागवानी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि यह विशेष सुविधा फलों की ताज़गी बनाए रखने और किसानों को बेहतर बाजार मूल्य दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई है. अब तक चेरी को कश्मीर से मुंबई पहुंचने में कम से कम 5 से 10 दिन लगते थे, जिससे फल खराब हो जाते थे और किसानों को घाटा उठाना पड़ता था.
स्वराज एक्सप्रेस के इस विशेष कोच से अब यह दूरी मात्र 30 घंटे में पूरी होगी. इससे चेरी की गुणवत्ता बनी रहेगी और उपभोक्ताओं तक ताज़ा फल पहुंच सकेंगे. बागवानों और व्यापारियों में इस नई व्यवस्था को लेकर उत्साह का माहौल है. उनका कहना है कि समय पर सप्लाई होने से उन्हें बेहतर कीमत मिलेगी और घाटा नहीं होगा.
मुंबई की मंडियों में भी कश्मीरी चेरी की डिमांड तेज़ी से बढ़ रही है, और समय पर ताज़ा फल पहुंचने से उपभोक्ता भी संतुष्ट होंगे. सरकार का अगला लक्ष्य अन्य फलों जैसे सेब, खुबानी और आलू बुखारा के लिए भी ऐसी ही तेज़ और सुरक्षित ट्रांसपोर्ट व्यवस्था लागू करना है, जिससे कश्मीर के किसानों को देशभर में बड़े बाजार मिल सकें.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लड़कियों को शुल्क छूट देने की मांग पर केंद्र को नोटिस जारी किया
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



