Bihar News: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा में बुधवार को अजीबोगरीब मामला सामने आया. आरोप है कि 8वीं पास छात्रा से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने के बदले शिक्षकों ने पार्टी की मांग की.
छात्रा ने कराया भोजन का इंतजाम
छात्रा सबरी खातून ने बताया कि टीसी देने के लिए शिक्षकों ने दबाव बनाया. मजबूरी में उसने घर से मटन, मछली, पुलाव, चावल और दाल जैसी चीजें बनवाकर स्कूल लाई. कुछ शिक्षकों ने वहीं बैठकर भोजन भी किया.
ग्रामीणों का गुस्सा
जैसे ही यह खबर गांव में फैली, लोग आक्रोशित हो गए. बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. उनका कहना था कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हरकत शर्मनाक है और गरीब बच्चों को मजबूर करना गलत है.
शिक्षक ने गलती स्वीकार की
मामले में शामिल एक शिक्षक ने माना कि स्कूल में भोजन किया गया. उन्होंने इसे गलती बताते हुए जांच की बात कही. जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पांच शिक्षक हैं, जिनमें दो महिला और एक पुरुष शिक्षक ने भोजन किया था.
मुखिया प्रतिनिधि का आरोप
मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद इजहार आलम ने कहा कि प्रधानाध्यापक ने टीसी के बदले पार्टी लेने की परंपरा बना ली है. उन्होंने कहा कि यदि कोई शिक्षक निजी तौर पर पार्टी लेना चाहता है तो अलग बात है, लेकिन स्कूल को भोज स्थल बनाना गलत है. उन्होंने मिड-डे मील व्यवस्था पर भी सवाल उठाए.
ये भी पढ़ें-दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अलवर में कार बनी आग का गोला, 5 लोगों की मौत
प्रशासन की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही बीडीओ सरोज कुमार और थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराया और जांच का आश्वासन दिया. बीडीओ ने कहा कि यदि किसी शिक्षक की गलती साबित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
