Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

केरल में भाजपा का चुनावी शंखनाद; NDA नेताओं से मिले पीएम मोदी, बोले- ‘उज्जवल भविष्य देने के लिए हम प्रतिबद्ध’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के तिरुवनंतपुरम में भाजपा-एनडीए के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत की है. रोड शो और नेताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने शहर में विकास, पारदर्शी शासन और मछुआरों के कल्याण पर जोर दिया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दक्षिण भारत के राज्य केरल पहुंचे और भाजपा के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत की. तिरुवनंतपुरम में शानदार स्वागत के लिए उन्होंने जनता को धन्यवाद दिया और कहा कि लोगों के आशीर्वाद से भाजपा-एनडीए इस शहर के लिए विकास, बेहतर नागरिक सेवाएं व एक उज्जवल भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है.

शुक्रवार सुबह तिरुवनंतपुरम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का शानदार स्वागत किया गया. रोड शो के दौरान लोगों का जोश और उत्साह दिखाई दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “लोगों का जोश और उत्साह भाजपा पर बढ़ते भरोसे को दिखाता है, जो नगर निगम के नतीजों में साफ नजर आया.”

कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा के पहले मेयर वीवी राजेश को गले लगाया. उन्होंने तस्वीरें शेयर करते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “मैंने एडवोकेट वीवी राजेश जी को तिरुवनंतपुरम का मेयर बनने पर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी. मैंने उन्हें और उनकी टीम को शहर में सकारात्मक बदलाव, जवाबदेह शासन और विकास को नई गति देने के लिए शुभकामनाएं दीं.”

केरल में NDA और ट्वेंटी20 की जोड़ी

उन्होंने केरल में एनडीए का हिस्सा बनी ‘ट्वेंटी20 पार्टी’ के नेताओं से भी मुलाकात की. उन्होंने लिखा, “तिरुवनंतपुरम में साबू एम. जैकब से एक शानदार मुलाकात हुई. मैं ‘ट्वेंटी-20 पार्टी’ का एनडीए परिवार में गर्मजोशी से स्वागत करता हूं. यह साझेदारी पारदर्शी, जन-केंद्रित शासन के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है.”

अखिल केरल धीवरा सभा के एक प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “केरल की प्रगति से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. यह संगठन मछुआरों के कल्याण को बढ़ावा देने में सराहनीय काम कर रहा है. पिछले एक दशक में एनडीए सरकार ने मछुआरों के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है. हमारा जोर उनके लिए बेहतर बाजार और तकनीक सुनिश्चित करने पर रहा है. यह काम आने वाले समय में और भी ज्यादा जोश के साथ जारी रहेगा.”

अपनी तिरुवनंतपुरम की यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने वर्कला स्थित शिवगिरी मठ के श्री नारायण धर्म संगम ट्रस्ट से जुड़े संतों से भी मुलाकात की. उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा, शिक्षा, आध्यात्मिकता और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रों में उनके (संतों) समर्पित काम ने हमारे सामाजिक ताने-बाने में एक स्थायी योगदान दिया है. श्री नारायण गुरु के शाश्वत आदर्शों पर आधारित, उनके प्रयास समाज भर में समानता, सद्भाव और गरिमा को बढ़ावा देना जारी रखे हुए हैं.

ये भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सिनेमा की झांकी दिखांएगे संजय लीला भंसाली, आईएफटीडीए ने पीएम का जताया आभार

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital