राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Murmu) इन दिनों केरल के दौरे पर हैं, लेकिन उनके साथ एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दरअसल, पत्तनामथिट्टा जिले के प्रमदम स्टेडियम में बने हेलीपैड पर जब उनका हेलिकॉप्टर लैंड हुआ तो हेलीपैड का एक हिस्सा नीचे धंस गया. ऐसा माना जा रहा है कि वायुसेना के हेलिकॉप्टर के वजन के कारण यह घटना हुई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.
कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला
मौके पर मौजूद पुलिस और फायर डिपार्टमेंट के कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और हेलिकॉप्टर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि अधिकारी हेलिकॉप्टर को धंसे हुए हिस्से से बाहर निकालने के लिए धक्का लगा रहे हैं.
#WATCH | Kerala: A portion of the helipad tarmac sank in after a chopper carrying President Droupdi Murmu landed at Pramadam Stadium. Police and fire department personnel deployed at the spot physically pushed the helicopter out of the sunken spot. pic.twitter.com/QDmf28PqIb
— ANI (@ANI) October 22, 2025
प्रसिद्ध सबरीमला मंदिर जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू (President Murmu) 21 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम पहुंचीं थीं. उनके केरल दौरे का कार्यक्रम काफी व्यस्त है. आज वे प्रसिद्ध सबरीमला मंदिर जाएंगी. इसके बाद गुरुवार को वे तिरुवनंतपुरम स्थित राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति केआर नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी. साथ ही वर्कला में शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु के महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन भी करेंगी.
कॉलेज के वर्षगांठ में होंगी शामिल
राष्ट्रपति कोट्टायम जिले के पाला स्थित सेंट थॉमस कॉलेज के 75वें वर्षगांठ के समापन समारोह में भी शामिल होंगी. 24 अक्टूबर को वे एर्णाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी. इसी कार्यक्रम के साथ उनका केरल दौरा समाप्त होगा.
ये भी पढ़ें-केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर पीएम मोदी समेत भाजपा नेताओं ने दी बधाई
हेलीपैड की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े किए हैं, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया. राष्ट्रपति का दौरा अब सामान्य रूप से जारी है और वे तय कार्यक्रमों में हिस्सा ले रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
