Urdu Conclave 2026

हिमाचल में एंट्री टैक्स विवाद: निहंग सिखों का फूटा गुस्सा, गाड़ियों से वसूला जा रहा खालसा टैक्स

Nihang Sikh protest: हिमाचल प्रदेश में प्रवेश कर के विरोध में निहंग सिखों ने किरतपुर-मनाली हाईवे पर खालसा टैक्स अभियान चलाया. वाहनों से स्वेच्छा से चंदा लिया गया.

Nihang Sikh protest: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सीमावर्ती इलाकों में लगाए गए प्रवेश कर के विरोध में निहंग सिंह (Nihang Sikh) संगठनों ने आज किरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ‘खालसा टैक्स’ (Khalsa Tax) अभियान चलाया. बाबा अचार सिंह महाकाल के नेतृत्व में गड़ा मोरा टोल प्लाजा के पास यह प्रतीकात्मक कदम उठाया गया.

पहले भी हुआ था विरोध

एक जून को किसान संगठनों, टैक्सी यूनियनों और स्थानीय निवासियों के साथ निहंगों ने चार घंटे तक यातायात रोककर विरोध जताया था. उसी समय निहंग सिंहों ने चेतावनी दी थी कि अगर सरकार ने टैक्स वापस नहीं लिया तो पंजाब आने वाले वाहनों से ‘खालसा कर’ (Khalsa Tax) की पर्ची जारी की जाएगी.

वाहनों से लिया गया चंदा

आज इस घोषणा को अमल में लाते हुए हिमाचल से आने वाले वाहनों को पर्चियां दी गईं. कोई तय रकम नहीं थी, बल्कि वाहन चालकों से उनकी इच्छा अनुसार 10, 20, 50 या 100 रुपये का योगदान लिया गया. निहंग संगठनों का कहना है कि यह राशि जरूरतमंदों की मदद और जनकल्याण में खर्च की जाएगी.

भारी पुलिस बल की तैनाती

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस स्टेशन प्रमुख राहुल शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. प्रशासन ने निहंगों से बातचीत कर कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की.

सरकार को संदेश

बाबा अचार सिंह महाकाल ने कहा कि यह अभियान हिमाचल सरकार को जगाने के लिए है. जब तक सीमावर्ती इलाकों में लगाया गया प्रवेश कर हटाया नहीं जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. इस दौरान कई वाहन चालकों ने भी स्वेच्छा से योगदान दिया.

ये भी पढ़ें-कहीं मानसून की फुहारें तो कहीं आंधी का बवंडर; दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों के लिए IMD का बड़ा अलर्ट

यह विवाद अब हिमाचल सरकार की नीतियों और निहंग संगठनों की भूमिका पर चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read