Bharat Express DD Free Dish

खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार! ‘रविवार’ की छुट्टी बढ़ाएगी आफत, काटने पड़ सकते हैं बेउर जेल के चक्कर

Patna Coaching Dispute: पटना के कोचिंग विवाद में खान सर (फैजल खान) पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है. कानूनी जानकारों के मुताबिक, वीकेंड की छुट्टी के कारण यदि आज उनकी गिरफ्तारी होती है, तो उन्हें कम से कम 3 दिन बेउर जेल में बिताने पड़ सकते हैं.

Khan Sir

Patna Coaching Dispute: पटना का प्रसिद्ध कोचिंग हब मुसल्लहपुर हाट इन दिनों खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच हिंसक झड़प को लेकर सुर्खियों में है. खान सर (Khan Sir) उर्फ फैजल खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद अब उन पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है, जिससे उनकी मुश्किलें काफी बढ़ सकती हैं.

पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच पोस्टर फाड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसने हिंसक झड़प और पत्थरबाजी का रूप ले लिया. इस मामले में खान सर (Faizal khan) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस की 3 टीमें छापेमारी कर रही हैं.

कानूनी पेचीदगियों और वीकेंड की छुट्टी के कारण यदि आज उनकी गिरफ्तारी होती है, तो उन्हें जमानत मिलने में वक्त लगेगा और कम से कम 3 दिन बेउर जेल में गुजारने होंगे. पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

पोस्टर विवाद से भड़की हिंसा

पटना के मुसल्लहपुर हाट में स्थित ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ और ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ (Gyan Point Coaching) के बीच विवाद की शुरुआत एक पोस्टर को लेकर हुई. खान ग्लोबल स्टडीज ने बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में अपने 12 हजार छात्रों की सफलता का दावा करते हुए पोस्टर लगाए थे. आरोप है कि इन पोस्टरों को फाड़े जाने के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया, जिसने देर रात हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान कोचिंग परिसर के बाहर जमकर पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और हंगामा हुआ.

खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार (Khan Sir Arrest)

इस मामले में खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पटना पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है. कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि खान सर की गिरफ्तारी आज होती है, तो उन्हें कोर्ट में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है. चूंकि आगे रविवार की छुट्टी है, इसलिए जमानत प्रक्रिया में देरी होने की पूरी संभावना है. ऐसे में खान सर को कम से कम 3 दिन पटना की बेउर जेल में बिताने पड़ सकते हैं.

पुलिस की 3 स्पेशल टीमें कर रही हैं छापेमारी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पटना पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है. ये टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और तकनीकी साक्ष्य व सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं. हालांकि, अभी तक खान सर की गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इससे पहले पुलिस खान ग्लोबल स्टडीज के दो बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्होंने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं.

यह भी पढ़ें:  गिनीज बुक भी हैरान! महिला ने मारी ऐसी ‘कान फाड़ू’ डकार, लोग बोले- ‘यह है दुनिया का सबसे अजीब टैलेंट’

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read