Bharat Express DD Free Dish

लादेन को जी और मोदी को आतंकी…खड़गे के बयान पर भड़की BJP, पूछा- ओसामा के लिए इतना सम्मान क्यों?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित आतंकी वाले बयान के बाद देश की राजनीति में बवाल मच गया है.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर उनके कथित आतंकी वाले बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मोर्चा खोल दिया है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ एक गलत शब्द नहीं बल्कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा पर सीधा हमला है.

खड़गे के इस बयान के सामने आने के बाद बीजेपी के कई बड़े नेता लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उनसे सार्वजनिक माफी की मांग कर रहे हैं.

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उनका कहना है कि यह कोई साधारण गलती नहीं है, बल्कि कांग्रेस की सोच का हिस्सा है. पात्रा ने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है.

उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों का असर पार्टी के अन्य नेताओं पर दिखता है. हालांकि, इन आरोपों को लेकर कांग्रेस की तरफ से लगातार सफाई दी जा रही है.

अन्नामलाई और अन्य नेताओं की नाराजगी

बीजेपी नेता के. अन्नामलाई ने भी खड़गे के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ नेता से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती. अन्नामलाई के मुताबिक, प्रधानमंत्री पद की गरिमा को इस तरह कम करना न सिर्फ गलत है बल्कि देश की जनता का भी अपमान है.

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी कहा कि कांग्रेस अब हताश नजर आ रही है और इसी वजह से इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं. उन्होंने खड़गे से माफी की मांग की.

वरिष्ठ बीजेपी नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया

पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने सोशल मीडिया पर इस बयान को बेहद आपत्तिजनक बताया. वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं.

इसी तरह, बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब कांग्रेस मुद्दों पर कमजोर पड़ती है, तो उसके नेताओं की भाषा ही उनकी स्थिति को उजागर कर देती है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कहा कि यह बयान कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और हताशा को दिखाता है.

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर लिखा कि खड़गे का यह बयान बेहद निंदनीय है और यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया हो.

ये भी पढ़ें: कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी ‘काउंटर अटैक’: महिला आरक्षण मुद्दे पर 29 शहरों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read