Kolkata Rainfall: कोलकाता में सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक करीब सात घंटे तक लगातार हुई भारी बारिश ने शहर के कई हिस्सों को पानी-पानी कर दिया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक इस बारिश से कई इलाकों में जलजमाव हो गया है जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है.
IMD ने दी थी चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही चेतावनी दी थी. भारतीय मौसम विभाग ने बताया था कि कोलकाता और दक्षिण 24 परगना जिले के ऊपर एक लो प्रेशर ट्रफ सक्रिय हो सकता है. जिससे अगले 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 25 सितंबर को भी इसी तरह की बारिश दोबारा हो सकती है जिससे दुर्गा पूजा की तैयारियों में लगे आयोजकों की चिंता बढ़ गई है.
एक्शन में कोलकाता नगर निगम
बारिश के चलते कोलकाता नगर निगम को तुरंत एक्शन लेना पड़ा. निगम के एक अधिकारी ने बताया कि हमें इमरजेंसी निर्देश मिले हैं कि सड़कों से पानी निकालने के लिए ड्रेनेज पंप चलाए जाएं. कई इलाकों में पंपिंग का काम शुरू कर दिया गया है ताकि जलजमाव से लोगों को राहत मिल सके.
कहां-कहां भरा पानी?
शहर के बेहाला, टॉलीगंज, कसबा, बालीगंज और पार्क सर्कस जैसे इलाकों में पानी भर गया है. ऑफिस जाने वाले लोगों को सुबह भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला. स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी परेशानी हुई.
इसे भी पढ़ें-GST रिफॉर्म पर क्रेडिट वॉर! ममता बनर्जी बोलीं- इसका श्रेय केंद्र को नहीं, मुझे जाता है
बारिश से दुर्गा पूजा पर भी असर
बारिश की वजह से दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी असर पड़ा है. पंडाल बनाने का काम धीमा पड़ गया है और आयोजक मौसम की स्थिति को लेकर चिंतित हैं. प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है और जलभराव वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



