PM ने मन की बात में कृष्णा शेषाद्री की इतिहास वेबसाइट की तारीफ की
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देशवासियों के सामने एक ऐसे इनोवेटिव आइडिया की कहानी रखी, जिसने भारत के इतिहास को पढ़ने और समझने का नजरिया ही बदल दिया है. पीएम मोदी ने मुंबई के रहने वाले कृष्णा शेषाद्री के अनोखे प्रयासों की जमकर तारीफ की.
बता दें कि पेशे से इंजीनियर और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल रहे कृष्णा ने टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके एक ऐसी आसान वेबसाइट बनाई है, जिसके जरिए भारत के किसी भी कालखंड और साल के इतिहास को एक क्लिक में समझा जा सकता है. पीएम मोदी ने न सिर्फ कार्यक्रम में उनके काम को सराहा बल्कि फोन पर सीधे कृष्णा से बात करके उनके इस जज्बे की पूरी कहानी भी देश के सामने रखी.
कौन हैं मुंबई के कृष्णा शेषाद्री?(PM Modi Mann Ki Baat)
हर किसी के मन में यह सवाल है कि आखिर कौन हैं कृष्णा शेषाद्री, जिनकी तारीफ खुद देश के प्रधानमंत्री ने की है? कृष्णा मूल रूप से मुंबई के निवासी हैं. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद मैनेजमेंट (MBA) की डिग्री हासिल की और कॉर्पोरेट में मार्केटिंग सेक्टर में कई सालों तक नौकरी की.
हालांकि, न तो वे इतिहास के कोई औपचारिक प्रोफेसर हैं और न ही किसी यूनिवर्सिटी से इतिहासकार. लेकिन बचपन से ही इतिहास के प्रति उनका गहरा लगाव था. कृष्णा का मानना था कि भारत में जिस तरह से इतिहास पढ़ाया जाता है, उसमें भारी बदलाव की जरूरत है ताकि इतिहास को उबाऊ तारीखों के बजाय एक बेहद दिलचस्प कहानी के रूप में आम लोगों तक पहुंचाया जा सके.
क्या है कृष्णा शेषाद्री की वेबसाइट का जादू?(Krishna Seshadri History Website)
कृष्णा शेषाद्री की इस पहल का विचार बहुत ही सरल लेकिन क्रांतिकारी है. उन्होंने एक बेहद यूजर-फ्रेंडली वेबसाइट तैयार की है, जिस पर जाकर कोई भी व्यक्ति बस एक साल चुनता है. साल सेलेक्ट करते ही वेबसाइट तुरंत बता देती है कि उस पर्टिकुलर दौर में भारत के किस हिस्से पर किस राजवंश या राजा का शासन था.
आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर जब कृष्णा ने सोशल मीडिया पर अपने इस प्रयास की शुरुआत का ऐलान किया, तो यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और खुद प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंच गई. पीएम मोदी ने कहा कि जब उन्होंने इस वेबसाइट को देखा तो उन्हें यह विचार बेहद सरल, अनूठा और दिलचस्प लगा.
पीएम मोदी ने खुद फोन मिलाकर की बात
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णा शेषाद्री से सीधे बातचीत का अंश साझा करते हुए पूछा कि आप तो टेक बैकग्राउंड से हैं, फिर आपने टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके इतिहास की वेबसाइट बनाने का फैसला क्यों किया? इस पर कृष्णा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उनका मकसद भारत के महान इतिहास को देश की नई पीढ़ी के लिए आसान और मनोरंजक बनाना था.
इसके अलावा पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ ऐसे ही देशवासियों के अथक प्रयासों और उनके इनोवेटिव आइडियाज को दुनिया के सामने लाने का एक मजबूत मंच है. पीएम ने देश के युवाओं से भी अपील की कि वे कृष्णा शेषाद्री की इस वेबसाइट पर जाएं और भारत के गौरवशाली इतिहास को एक नए नजरिए से समझें.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




