Bharat Express DD Free Dish

लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, लैंडिंग के वक्त प्लेन के पहियों से निकलने लगी चिंगारी

Lucknow Airport Flight Incident: लखनऊ एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया जब सऊदिया एयरलाइंस की हज यात्रियों से भरी फ्लाइट SV 3112 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई.

Lucknow Airport Flight Incident

Lucknow Airport Flight Incident: रविवार (15 जून, 2025) की सुबह लखनऊ चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा होने से बाल-बाल बचा. सऊदी अरब के जेद्दा से आई सऊदिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV 3112 की लखनऊ में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई. विमान में करीब 250 हज यात्री और क्रू मेंबर्स मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट SV 3112 रविवार सुबह करीब 6:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी थी. लैंडिंग के कुछ देर बाद जब विमान टैक्सी वे पर जा रहा था, तभी उसके एक पहिए से अचानक चिंगारी और धुआं निकलता दिखाई दिया. पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान को वहीं रोक दिया.

20 मिनट में काबू पाया गया

एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को तुरंत अलर्ट किया गया. फायर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 20 मिनट में हालात पर पूरी तरह काबू पा लिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में रिसाव के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई.

अधिकारियों का कहना है कि यदि यह खराबी टेकऑफ के दौरान सामने आती, तो स्थिति बहुत गंभीर हो सकती थी. पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम की तत्परता ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया.

सऊदिया एयरलाइंस का बयान

घटना के बाद विमान में सवार सभी 250 हज यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. एयरपोर्ट प्रशासन ने उनकी सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए. कुछ यात्रियों में इस दौरान घबराहट जरूर देखने को मिली, लेकिन जल्द ही उन्हें शांत किया गया और पूरी स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया. एयरलाइंस ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए घटना की पुष्टि की और बताया कि तकनीकी खामी की वजह से यह स्थिति बनी थी.

ये भी पढ़ें: गुजरात में आज पूर्व CM विजय रूपाणी का होगा अंतिम संस्कार, अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता देंगे श्रद्धांजलि

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read