महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 21 लाख का गांजा स्वाहा
Gadchiroli ganja seizure: गढ़चिरौली/अभिषेक: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. स्थानीय अपराध शाखा और कोटगुल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 21 लाख 80 हजार रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गांजे को अपने घर के पीछे खाली पड़ी जगह में छिपाकर रखा था.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनसिंग कुवरढेरीया के रूप में हुई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी के घर के पीछे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है. सूचना की पुष्टि के बाद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने कोटगुल पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की और गांजा बरामद कर लिया.
लाखों का गांजा मिलने से उठे सवाल
गढ़चिरौली को नशामुक्त जिले के तौर पर विकसित करने की कोशिशों के बीच इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होना कई सवाल खड़े करता है. जिले में गांजा, शराब और दूसरे नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी को लेकर समय-समय पर पुलिस कार्रवाई करती रही है. इसके बावजूद नशीले पदार्थों का कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है.
इस कार्रवाई के बाद अब सवाल यह भी उठ रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा आखिर कहां से आया और इसके पीछे कौन लोग हैं. पुलिस की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अकेले इस कारोबार में शामिल था या उसके साथ कोई और भी जुड़ा हुआ है.
ये भी पढ़ें: ‘बिट्टू तबाही’ नाम ही काफी है! अकेले साफ कर दी कचरे से भरी नदी, अब नीदरलैंड से मिला बड़ा ऑफर
आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. बरामद गांजे की कीमत करीब 21.80 लाख रुपये बताई जा रही है. स्थानीय अपराध शाखा और कोटगुल पुलिस अब गांजे की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है. गढ़चिरौली में अब तक की बड़ी गांजा बरामदगी में शामिल इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
