Bharat Express DD Free Dish

महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़, ओमराजे निंबालकर का शिंदे गुट की ओर रुख

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव दिख रहा है. शिवसेना (UBT) के सांसद ओमराजे निंबालकर ने संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही शिंदे गुट में शामिल होंगे.

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. शिवसेना (UBT) के सांसद ओमराजे निंबालकर ने संकेत दिए हैं कि वह जल्द ही एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होंगे. उनके इस कदम को उद्धव ठाकरे के खिलाफ ‘ऑपरेशन टाइगर’ की वापसी माना जा रहा है. इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ऑपरेशन सफल रहा है, जबकि शिंदे ने दावा किया कि हम कोई काम अधूरा नहीं छोड़ते.

कार्यकर्ताओं से बातचीत में खुलासा

निंबालकर ने अपने समर्थकों से कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में सफलता नहीं मिली क्योंकि विपक्ष के पास सत्ता और संसाधन थे. उन्होंने माना कि सीमित ताकत के साथ लगातार लड़ना मुश्किल है और अब सत्ता का मार्ग अपनाना ही सही विकल्प है. उन्होंने साफ कहा कि फैसला हो चुका है बस आधिकारिक घोषणा बाकी है.

किसानों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं

निंबालकर ने आरोप लगाया कि किसानों के साधारण कामों के लिए भी फंड उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि पाटिल परिवार सत्ता में होने के कारण सभी फैसलों पर उनका दबदबा है. कार्यकर्ताओं के बिल रोके जा रहे हैं और यह स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर है.

व्यक्तिगत अनुभव और नाराजगी

उन्होंने कहा कि 20 साल पुराने मामले में सभी आरोपी निर्दोष साबित हो गए लेकिन उनके परिवार को न्याय नहीं मिला. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वह सांसद होकर भी अपने परिवार को न्याय नहीं दिला पाए तो आम जनता का क्या होगा? उन्होंने कहा कि लोग उनकी अच्छी छवि की बात करते हैं लेकिन वह सिर्फ छवि बचाने के लिए राजनीति में नहीं आए हैं.

शिंदे गुट से समर्थन

निंबालकर ने बताया कि जब कोर्ट का फैसला उनके खिलाफ गया तब एकनाथ शिंदे ने तुरंत मदद की और गृह मंत्री से बात कर उनका साथ दिया. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ व्यक्तिगत लाभ के लिए शिंदे गुट में नहीं जा रहे बल्कि सत्ता का नेतृत्व स्वीकार करने के लिए यह कदम उठा रहे हैं.

ये भी पढ़ें-चाचा की विरासत पर भतीजे का दाग! इतिहास के फेर में कैसे उलझ गया कोलकाता की इस ऐतिहासिक सड़क का नाम?

निंबालकर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनका फैसला जनता के साथ मिलकर ही पूरा होगा. उन्होंने कहा कि वह विरोधियों के साथ बैठने नहीं जा रहे बल्कि उन्हें सीधे चुनौती देंगे. उन्होंने साफ किया कि वह कभी समझौता नहीं करेंगे और उस परिवार के लिए वोट नहीं मांगेंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read