Mamata Banerjee Delhi Police Notice 2013 Parliament Street Case
Mamata Banerjee Parliament Street Case: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने 2013 के एक पुराने मामले में नोटिस जारी किया है. पुलिस ने उनसे जांच में शामिल होकर अपना बयान दर्ज कराने को कहा है. अधिकारियों के मुताबिक, यह नोटिस सोमवार को कोलकाता स्थित ममता बनर्जी के आवास पर दिया गया. नोटिस दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 160 के तहत जारी किया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ममता बनर्जी को इस मामले में गवाह के तौर पर बुलाया गया है. हालांकि, अभी तक ममता बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से नोटिस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
2013 के संसद मार्ग मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस का यह नोटिस 2013 में संसद मार्ग पर हुए एक विरोध प्रदर्शन और उसके बाद हुए टकराव से जुड़ा है। उस समय स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने पूर्व योजना आयोग मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया था। इसी दौरान ममता बनर्जी अपनी पार्टी के नेताओं और पश्चिम बंगाल के मंत्रियों के साथ एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही थीं.
प्रदर्शन के दौरान SFI कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी के प्रतिनिधिमंडल को घेर लिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी.
तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा से कथित बदसलूकी
इस घटना के दौरान पश्चिम बंगाल के तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा पर SFI कार्यकर्ताओं द्वारा कथित हमला किए जाने और उनके साथ बदसलूकी की बात सामने आई थी. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 186, 353, 332, 147, 149 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था. इन धाराओं में सरकारी कामकाज में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने, चोट पहुंचाने, दंगा और गैरकानूनी जमावड़े जैसे आरोप शामिल थे.
ममता से जांच में सहयोग की अपील
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि ममता बनर्जी मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों से परिचित हो सकती हैं. इसलिए उन्हें जांच अधिकारी के सामने उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है. नोटिस में उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार तारीख, समय और स्थान तय करने का विकल्प भी दिया गया है. इस मामले में ऋतब्रत बनर्जी का नाम भी सामने आया था, जो उस समय SFI के महासचिव थे और बाद में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े.
यह भी पढ़ें: ईरान ने ट्रंप को सुना दिया साफ-साफ, पहले शर्तें पूरी करो, फिर होगी टेबल पर बात
चुनावी हार के बाद बढ़ी राजनीतिक चुनौतियां
पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता से बाहर हुई तृणमूल कांग्रेस के लिए यह घटनाक्रम राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. ममता बनर्जी पहले ही बीजेपी पर बदले की राजनीति करने और विपक्षी दलों को निशाना बनाने का आरोप लगाती रही हैं. हाल ही में दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली के दौरान भी उन्होंने बीजेपी पर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के जरिए विपक्षी राज्यों को निशाना बनाने का आरोप लगाया था. उन्होंने विपक्षी दलों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की थी. अब 2013 के मामले में दिल्ली पुलिस के नोटिस के बाद ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया और जांच में उनके शामिल होने की तारीख पर सबकी नजरें टिकी हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




