नागपुर के SBI में मिर्च फेंककर 4 लाख रुपये लूटने वाला आरोपी 30 मिनट में अरेस्ट.
Nagpur SBI Robbery: महाराष्ट्र के नागपुर से बैंक डकैती का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने फिल्मी अंदाज में बैंककर्मियों की आंखों में लाल मिर्च डालकर लाखों रुपये उड़ा लिए.
महाराष्ट्र के नागपुर में SBI शाखा के अंदर ग्राहक बनकर आए एक शख्स ने बैंककर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया. अफरा-तफरी के बीच आरोपी काउंटर से 4 लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गया. घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से महज 30 मिनट में आरोपी को धर दबोचा और सारा कैश बरामद कर लिया.
ग्राहक बनकर आया और फेंका मिर्च पाउडर
घटना नागपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा की है. गुरुवार शाम करीब 6 बजे बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था, तभी लाल कुर्ते और काले पजामे में एक शख्स ग्राहक बनकर अंदर घुसा. वह सीधे कैश काउंटर के पास पहुंचा और जेब से लाल मिर्च पाउडर निकालकर कर्मचारियों की आंखों में फेंक दिया.
4 लाख रुपये लेकर हुआ फरार
अचानक हुए इस हमले से बैंक के अंदर अफरा-तफरी मच गई. आंखों में तेज जलन के कारण कर्मचारी खुद को बचाने के लिए भागने लगे. इसी लाचारी का फायदा उठाकर चेहरा ढके हुए आरोपी ने काउंटर पर रखे 4 लाख रुपये उठाए और तुरंत बाहर की तरफ भाग निकला. सुरक्षा गार्ड और कुछ कर्मचारियों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह भीड़भाड़ का फायदा उठाकर गायब हो गया.
लुटेरा आया, बैंककर्मियों पर लाल मिर्च का पाउडर फेंका और 4.53 लाख रुपए लूटकर फरार हो गया.
घटना महाराष्ट्र के नागपुर के SBI बैंक की है. pic.twitter.com/CwwMQdouR9— Priya singh (@priyarajputlive) September 11, 2026
CCTV फुटेज से खुली पोल
वारदात के तुरंत बाद बैंक अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में आरोपी का हुलिया और उसके भागने की दिशा साफ दिखाई दे गई, जिसके आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी.
30 मिनट में पुलिस का एक्शन
पुलिस की गश्ती टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को ट्रेस कर हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से लूटे गए पूरे 4 लाख रुपये बरामद कर लिए गए. फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें-‘कौन सी लड़की, कैसा केस?’ 40 साल बाद पुलिस ने याद दिलाया जवानी का ‘वो’ कांड
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


