प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रविवार को ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया. उन्होंने कहा कि सफाई हमेशा हमारे जीवन और योजनाओं का अहम हिस्सा रही है. मोदी ने गर्व जताया कि आज देश के युवा अपने आसपास की सफाई को लेकर बेहद जागरूक हैं और मेहनत से अपने शहरों और गांवों को साफ रखने में जुटे हैं.
ईटानगर का जिक्र
उन्होंने (PM Modi) अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर का जिक्र किया. पीएम मोदी ने कहा कि यह वह जगह है जहां सबसे पहले सूरज की किरणें पहुंचती हैं और यहां लोग ‘जय हिंद’ कहकर एक-दूसरे का अभिवादन करते हैं. ईटानगर के युवाओं ने उन जगहों की सफाई शुरू की जिन्हें खास ध्यान की जरूरत थी. धीरे-धीरे यह अभियान नाहरलागुन, दोईमुख, सेप्पा, पालिन और पासीघाट तक फैल गया. इन युवाओं ने मिलकर करीब 11 लाख किलो कचरा हटाया, जिसे मोदी ने प्रेरणादायक प्रयास बताया.
‘पुरानी गलियां लोगों की भावनाओं से जुड़ी’
प्रधानमंत्री (PM Modi) ने असम के नागांव का भी उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि वहां की पुरानी गलियां लोगों की भावनाओं से जुड़ी हैं. कुछ लोगों ने अपनी गलियों को साफ रखने का संकल्प लिया और धीरे-धीरे उनके साथ और लोग जुड़ते गए. इस तरह एक टीम बनी जिसने इलाके से काफी मात्रा में कचरा हटाया और लोगों में सफाई की सोच को मजबूत किया.
बेंगलुरु और चेन्नई की कोशिशें
पीएम (PM Modi) ने बताया कि बेंगलुरु में पुराने फर्नीचर का कचरा बड़ी समस्या बन गया था. कुछ पेशेवरों ने मिलकर इसे सही तरीके से निपटाने का काम शुरू किया. इसी तरह कई शहरों में अलग-अलग समूह लैंडफिल वेस्ट की रीसाइक्लिंग और सफाई में लगे हैं. चेन्नई में भी एक टीम ने शानदार काम किया है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास दिखाते हैं कि स्वच्छता हर जगह जरूरी है और हर कदम का महत्व है.
ये भी पढ़ें-मन की बात में पीएम मोदी ने जन-भागीदारी और संस्कृति की ताकत पर दिया जोर
‘सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं’
प्रधानमंत्री ने कहा कि सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है. हर नागरिक को व्यक्तिगत रूप से या टीम बनाकर इसमें योगदान देना चाहिए. चाहे गलियों की सफाई हो, सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना हो या कचरे की रीसाइक्लिंग करना हो, छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव लाते हैं. उन्होंने (PM Modi) कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



