Bharat Express DD Free Dish

20 घंटे में मौसम का बड़ा धमाका: कौन से 15 राज्य होंगे बारिश से तर-बतर?

Weather update: उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने अगले 20 घंटे में 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान में हल्की से तेज बारिश की संभावना है.

Weather update: उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का असर जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 20 घंटे के भीतर 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली, राजस्थान और यूपी-बिहार जैसे इलाकों में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मानसून की स्थिति

केरल में मानसून अपने तय समय 26 मई को नहीं पहुंचा, लेकिन यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में मानसून अरब सागर के और हिस्सों में फैल सकता है.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

28 से 31 मई तक दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी. अधिकतम तापमान 8 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री तक कम हो सकता है. 28 मई को हल्की बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. 29 मई को गरज-चमक के साथ बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 30 और 31 मई को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी.

उत्तर प्रदेश का मौसम

वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में 28 से 31 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होगी. 29 मई को कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है.

बिहार का मौसम

28 और 29 मई को बिहार के उत्तर मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. पटना मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है. न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा.

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में गर्मी चरम पर है. श्री गंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच गया है. बीकानेर, चूरू और जैसलमेर में भी पारा 46 डिग्री से ऊपर दर्ज हो रहा है. 28 मई को जयपुर, भरतपुर और अजमेर में हल्की बारिश हो सकती है. 29 मई को बीकानेर समेत कई जिलों में बारिश जारी रहेगी. 30 और 31 मई को कोटा और भरतपुर डिवीजनों में भी छिटपुट बारिश की संभावना है.

महाराष्ट्र का मौसम

महाराष्ट्र में 28 से 30 मई तक रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. 29 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. विदर्भ के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश का मौसम

शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में 28 और 29 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में अगले दो दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है. 30 और 31 मई को येलो अलर्ट जारी किया गया है. देहरादून और टिहरी समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.

तेलंगाना का मौसम

28 मई को हैदराबाद और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं.

ये भी पढ़ें-अवैध रूप से रहने के आरोप में दंपति समेत तीन गिरफ्तार, घूस लेकर भारतीय दस्तावेज बनवाने के वादे में फंसा टीएमसी सदस्य

जम्मू-कश्मीर का मौसम

28 से 30 मई तक श्रीनगर, रामबन और पुंछ में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read