Bharat Express DD Free Dish

मेघालय में बड़ा हादसा: कोयला खदान में जोरदार धमाका, 10 मजदूरों की मौत

Meghalaya coal mine blast: मेघालय के ताशखाई इलाके में एक कोयला खदान में हुए भीषण धमाके में कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है. मृतकों की पहचान और विस्फोट के कारणों की जांच जारी है.

Meghalaya Accident

Meghalaya coal mine blast: मेघालय से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. राज्य के ताशखाई इलाके में स्थित एक कोयला खदान में अचानक हुए भीषण धमाके ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. इस हादसे में कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खदान के अंदर काम चल रहा था, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि अंदर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल पाया और वे मलबे में दब गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

प्रशासन को आशंका है कि मृतकों में अधिकांश मजदूर असम के रहने वाले हो सकते हैं, हालांकि मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

बचाव कार्य जारी

प्रशासन ने आसपास के इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए. अधिकारियों का कहना है कि धमाके के कारणों का पता लगान के लिए जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती तौर पर खदान में गैस रिसाव या तकनीकी खामी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.


ये भी पढ़ें: ‘PM के साथ कुछ भी हो सकता था…’, लोकसभा में बोले स्पीकर ओम बिरला, पीएम की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान


इस हादसे के बाद मजदूरों की सुरक्षा और अवैध खनन गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है मामले की गहराई से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात भी कही गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read