Mira Road knife attack: मुंबई के मीरा रोड के नया नगर इलाके में रविवार तड़के एक युवक ने दो सुरक्षाकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने पहले उनका नाम और धर्म पूछा, फिर कलमा पढ़ने को कहा. जब गार्डों ने इनकार किया तो उसने अचानक चाकू निकालकर वार कर दिया. दोनों घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया. उसकी पहचान 31 वर्षीय जुबैर अंसारी के रूप में हुई है. फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है.
बरामद नोट ने खोले राज
जुबैर अंसारी के पास से मिले नोट ने जांच को नया मोड़ दिया है. उसमें ISIS, लोन वुल्फ, जिहाद और गाजा जैसे शब्द लिखे थे. एक लाइन में लिखा था- “LONE WOLVES WILL POUNCE ON YOU, You mushrikeen will see real jihad in bilad Hind from now!”. इसके अलावा परिवार और समाज से दूरी बनाने जैसी बातें भी दर्ज थीं.
ATS ने संभाली जांच
इस घटना को लेकर मुंबई ATS ने जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री और आरोपी की गतिविधियों को देखते हुए गहन जांच जरूरी है. अब एजेंसियां उसके मोबाइल, डिजिटल फुटप्रिंट और कम्युनिकेशन रिकॉर्ड खंगाल रही हैं ताकि पता लगाया जा सके कि वह किसी नेटवर्क से जुड़ा था या अकेले ही हमला किया.
हमला पूर्व-नियोजित या अचानक?
जांच अधिकारी मानते हैं कि इस स्तर पर किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. यह पता लगाया जा रहा है कि हमला पहले से प्लान किया गया था या मौके पर विवाद के चलते हुआ.
गार्डों की हालत
सुबह करीब 4 बजे हुए इस हमले में घायल दोनों सुरक्षाकर्मी अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है.
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. लोग हैरान हैं कि एक साधारण ड्यूटी पर तैनात गार्डों पर इस तरह का हमला क्यों हुआ? वहीं बरामद नोट ने इसे और रहस्यमय बना दिया है, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

