पटियाला में 400 परिवारों को बांटा राशन
रिपोर्ट- बिन्दर बातिश/ पटियाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा सप्ताह की शुरुआत पंजाब के पटियाला में की गई. यह कार्यक्रम शिवसेना (शिंदे) की ओर से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है. इसके तहत पूरे सप्ताह समाजसेवा से जुड़े कई आयोजन होंगे.
श्री खाटू श्याम धाम में हुआ कार्यक्रम
सेवा सप्ताह का उद्घाटन पटियाला के राजपुरा रोड स्थित श्री खाटू श्याम धाम परिसर में किया गया. यह स्थान सदर थाना के नजदीक है. कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद करीब 400 परिवारों को राशन सामग्री वितरित की गई. बड़ी संख्या में लोग इस सेवा कार्य का हिस्सा बने.
पीएम को बताया प्रेरणा का स्रोत
कार्यक्रम में मौजूद शिवसेना (शिंदे) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष हरीश सिंगला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा के सफर को सम्मान देने के लिए पार्टी ने समाजसेवा आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की है, जो पूरे सप्ताह जारी रहेगी.
बच्चों और जरूरतमंदों के लिए भी होंगे विशेष कार्यक्रम
हरीश सिंगला ने बताया कि राशन वितरण के बाद अन्य कई सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी. इनमें पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों को स्टेशनरी उपलब्ध कराना और पिंगलवाड़ा में जरूरत का सामान पहुंचाना शामिल है. इसके अलावा पंजाब के अलग-अलग इलाकों में भी कई सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
चुनावी गतिविधि से कोई संबंध नहीं- हरीश सिंगला
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का किसी चुनावी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है. उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित और देशभक्ति के प्रति समर्पित जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही इस पहल का मुख्य मकसद है.
पूरे देश में चलेंगे सेवा कार्यक्रम
हरीश सिंगला के अनुसार राशन वितरण का कार्य जरूरतमंद परिवारों की पहचान के बाद किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि लगभग 250 परिवारों की पहचान पहले ही कर ली गई थी. साथ ही उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पटियाला तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि शिवसेना (शिंदे) की ओर से देशभर में सप्ताहभर विभिन्न सामाजिक और जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



