Bharat Express DD Free Dish

PM Modi In Kurukshetra: जहां श्रीकृष्ण ने दिया था गीता का दिव्य ज्ञान, वहीं ‘पंचजन्य’ का उद्घाटन करने पहुंचे पीएम, ब्रह्मसरोवर में करेंगे दर्शन-पूजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख ‘पंचजन्य’ स्मारक का लोकार्पण किया और गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के कार्यक्रम में भाग लिया.

PM Modi In Kurukshetra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (मंगलवार) को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य शंख ‘पंचजन्य’ के सम्मान में निर्मित नवनिर्मित स्मारक का भव्य लोकार्पण किया. यह स्मारक महाभारत काल की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को समर्पित है. इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे.

प्रधानमंत्री मोदी ने इसके बाद नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष समारोह में भाग लिया. इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित जनसभा को संबोधित किया और गुरु तेग बहादुर की शहादत और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला.

ड्रोन और ग्लाइडर पर पूरी तरह प्रतिबंध

प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर कुरुक्षेत्र जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है. सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 14 IPS अधिकारी, 54 DSP और लगभग 5,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पुलिस टीमें प्रमुख कार्यक्रम स्थलों, मार्गों और गीता महोत्सव परिसर की निगरानी कर रही हैं. DGP ओ.पी. सिंह ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इसके अलावा शहर में हाई-रेजोल्यूशन CCTV से निगरानी बढ़ा दी गई है और ड्रोन एवं ग्लाइडर की उड़ान पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.

प्रधानमंत्री मोदी का दौरा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के दौरान हो रहा है. इस अवसर पर कुरुक्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल और भव्य हो गया है. दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री शाम 5:45 बजे ब्रह्मसरोवर में दर्शन-पूजन करेंगे.

ये भी पढें: अयोध्या राम मंदिर का निर्माण पूरा होने का प्रतीक बना आज का ध्वजारोहण, इन पांच मुख्य बातों से जानें समारोह का महत्व

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read