प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (शनिवार) को देश की उन तीन बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर एक खास संदेश दिया, जिन्होंने आम लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाने का दावा किया है. इन योजनाओं को शुरू हुए 11 साल पूरे हो चुके हैं और इस मौके पर प्रधानमंत्री ने इनके असर और पहुंच को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई.
दरअसल, 9 मई 2015 को केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) और अटल पेंशन योजना (APY) की शुरुआत की थी. इनका मकसद साफ था — देश के गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों तक कम खर्च में बीमा और पेंशन जैसी सुविधाएं पहुंचाना, ताकि किसी अनहोनी या बुढ़ापे में आर्थिक संकट से बचाव हो सके.
पीएम मोदी ने दिया संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा कि एनडीए सरकार द्वारा शुरू की गई ये योजनाएं लोगों को न सिर्फ आर्थिक सुरक्षा देती हैं, बल्कि उनके जीवन में सम्मान और भरोसे का भाव भी जोड़ती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं ने जमीनी स्तर पर लाखों परिवारों की जिंदगी को प्रभावित किया है और उन्हें मुश्किल समय में सहारा दिया है.
पीएम मोदी ने मायगव इंडिया की एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि खासतौर पर PMJJBY और PMSBY ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है, जबकि अटल पेंशन योजना ने बुजुर्गों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है.
महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को बड़ा फायदा
प्रधानमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि इन योजनाओं का सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिला है. आसान प्रक्रिया और कम प्रीमियम के कारण बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े हैं, जिससे वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा मिला है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन तीनों योजनाओं में अब तक 94.5 करोड़ से ज्यादा नामांकन हो चुके हैं. प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 27.43 करोड़ से अधिक लोग शामिल हैं, वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58.09 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं. अटल पेंशन योजना में भी 9.04 करोड़ से अधिक लोगों ने नामांकन कराया है.
अगर दावों की बात करें तो PMJJBY के तहत अब तक 10.7 लाख से ज्यादा परिवारों को लगभग 21,500 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है. वहीं PMSBY में 1.84 लाख से अधिक परिवारों को करीब 3,660 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है.
आर्थिक मजबूती की ओर बड़ा कदम
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का असली उद्देश्य सिर्फ बीमा या पेंशन देना नहीं है, बल्कि लोगों को जीवन की अनिश्चितताओं से बचाकर उन्हें लंबे समय तक आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात दौरा: विकास और संस्कृति पर फोकस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
