कन्हाईपुर मेले में पुलिस अधिकारी पर हमले के आरोप में गिरफ्तार मां-बेटा. (PC: भारत एक्सप्रेस)
Mokama News:रवि शंकर शर्मा/मोकामा: पटना के मोकामा में गणेश पूजा मेले के दौरान दो गुटों की भिड़ंत को शांत कराने गए पुलिस अधिकारी के साथ ही हाथापाई हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर दो मुख्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है.
मोकामा के कन्हाईपुर मेले में दो गुटों की मारपीट में हस्तक्षेप करने पहुंचे ASI बबलू कुमार के साथ उपद्रवियों ने हाथापाई की. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रजनीश और उसकी मां को गिरफ्तार किया है. मामले में 3 नामजद समेत 18 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है.
मामूली बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू
पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र स्थित कन्हाईपुर गांव में गणेश पूजा के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया था. मेले की रौनक के बीच अचानक दो गुटों में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह विवाद उग्र रूप ले बैठा और दोनों पक्षों के बीच हिंसक मारपीट शुरू हो गई, जिससे मेले में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया.
ऑन-ड्यूटी ASI के साथ हाथापाई शुरू
घटना की खबर मिलते ही मोकामा थाना में तैनात ASI बबलू कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने उग्र भीड़ को शांत करने और बीच-बचाव की कोशिश की. हालांकि, उपद्रवियों ने पुलिस की बात मानने के बजाय ऑन-ड्यूटी ASI से ही बहस शुरू कर दी और उनके साथ धक्का-मुक्की तथा हाथापाई करने लगे. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही
हमले के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की और मौके से दो मुख्य आरोपियों, रजनीश कुमार और उसकी मां को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने 3 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




